‘बड़ा अटैक अभी बाकी है’, ईरान पर ताबड़तोड़ हमले के बाद बोले ट्रंप


मिडिल ईस्ट में एक बार फिर जंग की आहट सुनाई देने लगी है. अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के ठिकानों पर हवाई हमले किए. इसके बाद यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को नई चेतावनी देते हुए कहा कि अभी उनपर बड़ा हमला होना बाकी है. वहीं ईरान ने कहा कि हम अमेरिका को इस हमले का जवाब देंगे.

ईरान को ट्रंप की नई चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, ‘इस समय यूएस होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरानी ठिकानों पर हमले कर रहा है. ये हमला ईरान की उन हरकतों का जवाब है जो उन्होंने होर्मुज में बारुदी सुरंग बिछाने की नाकाम कोशिश करके की थी. अब वहां कोई सुरंग नहीं उसे पूरी तरह हटा दिया गया है. ये तेहरान को उन हमलों का भी जवाब है जो जॉर्डन में हमारे सैन्य अड्डे पर 8 मिसाइल दागकर की गई थी. अगर ईरान दोबारा हमला करता है तो उसे और भी जोरदार तरीके से जवाब दिया जाएगा.’

अमेरिका को जल्द जवाब देंगे: IRGC 

ट्रंप ने कहा, ‘ईरान पर सबसे बड़ा हमला होना अभी बाकी है. वो ऐसा अटैक होगा, जिसमें ईरान का बहुत कम हिस्सा बचेगा.’ अमेरिकी हमलों पर ईरानी सेना IRGC के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका को अपने इन ताजा हमलों पर पछतावा होगा. हमलावरों को कड़ी सजा मिलेगी. अमेरिकी सेना को इलाके में अपनी हर बुरी हरकत के लिए भारी नुकसान उठाना पड़ेगा. इसका जवाब जल्द ही दिया जाएगा.’

यूएस सेंट्रल कमांड के अनुसार, उन्होंने अमेरिकी समयनुसार दोपहर 12 बजे IRGC के ठिकानों को निशाना बनाना शुरू किया. ईरानी स्थानीय मीडिया के अनुसार, केश्म, जास्क, सिरिक, चाबहार, बंदर अब्बास, कोणारक और मीनाब जैसे प्रमुख तटीय क्षेत्रों में भारी विस्फोट हुए हैं.