ब्राजील की जानी-मानी कंटेंट क्रिएटर तबाता लेंक के साथ दिन-दहाड़े एक ऐसी वारदात हुई, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान कर दिया है. तबाता अपनी कार से ‘अवेनिडा टैंके्रेडो नेवेस’ सड़क से गुजर रही थीं. तभी ट्रैफिक के बीच दो बदमाश उनकी गाड़ी के पास आए, जोर से कार का शीशा तोड़ा और डैशबोर्ड पर लगा फोन छीनकर रफूचक्कर हो गए. यह पूरी खौफनाक घटना गाड़ी के डैशबोर्ड कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
शीशा टूटते ही सहम गई क्रिएटर, रो-रोकर मांगा मदद
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि हमला इतनी तेजी से हुआ कि तबाता को संभलने का मौका तक नहीं मिला. फोन छिनने के बाद वे बुरी तरह डर गईं और रोते हुए आसपास के लोगों से मदद मांगने लगीं. कुछ देर के लिए तो वे सदमे में आ गईं कि उनके साथ अचानक क्या हो गया. ब्राजील में जाम में फंसी गाड़ियों का शीशा तोड़कर फोन छीनना एक आम बात है, लेकिन जिस तरह तबाता इस हमले से घबराईं, उस मंजर ने हर देखने वाले का दिल दहला दिया.
बिना पासवर्ड और पिन के बैंक खाते से उड़ गए पैसे!
इस चोरी के बाद जो हुआ, उसने इस मामले को और भी ज्यादा खौफनाक बना दिया. तबाता ने इंस्टाग्राम पर खुलासा किया कि चोरों ने उनका फोन चुराने के बाद उनके बैंक अकाउंट से पैसे ट्रांसफर कर लिए. हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों के पास न तो उनका फोन या बैंक ऐप का पासवर्ड था, न ही फैसियल रिकग्निशन का एक्सेस था, और न ही पैसों के लेन-देन वाला ट्रांजेक्शन PIN था. इसके बावजूद चोरों ने आसानी से पैसे उड़ा लिए. तबाता ने कहा, “मुझे समझ ही नहीं आ रहा कि बिना सुरक्षा क्रेडेंशियल्स के उन्होंने यह कैसे कर लिया.”
डिजिटल सिक्योरिटी और सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
तबाता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है, फोन ब्लॉक करवा दिया है और बैंक से पैसों की वापसी की गुहार लगाई है . हालांकि, इस घटना ने ऑनलाइन बैंकिंग की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं . सोशल मीडिया पर लोग इस बात से खौफ में हैं कि अगर फोन चोरी होने के बाद बिना पासवर्ड के भी बैंक खाते खाली हो सकते हैं, तो फिर आम इंसान का पैसा कहां सुरक्षित है?
यह भी पढ़ें: सावन खत्म होते ही मांस के लिए उमड़ी भीड़, वीडियो वायरल
तबाता लेंक के वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स के कमेंट्स और रिएक्शंस
एक यूजर ने हैरान होते हुए लिखा, “अगर बिना फिंगरप्रिंट, फेस आईडी और पिन के बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर हो सकते हैं, तो यह सीधे-सीधे डिजिटल बैंकिंग सिस्टम का बड़ा फेलियर है! अब तो फोन खोने पर इंसान का सब कुछ लुट जाएगा.” दूसरे यूजर ने तबाता के रिएक्शन पर कमेंट किया, “पैसा और फोन तो वापस आ जाएगा, लेकिन जिस तरह से शीशा टूटते ही वे रो पड़ीं और खौफ में आ गईं, वो मानसिक सदमा ताउम्र उनके साथ रहेगा.”
यह भी पढ़ें: ‘स्कूल छूटा, पर एग्जाम का खौफ नहीं! कॉरपोरेट लाइफ पर लड़की ने बयां किया दर्द’





