मां ने बाजू पर बनवा लिया कीबोर्ड, अब बोल न सकने वाला बेटा करता है बात

मां ने बाजू पर बनवा लिया कीबोर्ड, अब बोल न सकने वाला बेटा करता है बात


एक मां अपने बच्चे की खुशी और उसकी सहूलियत के लिए किस हद तक जा सकती है, इसकी एक बेहद भावुक और प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है. अमेरिका की रहने वाली जेसिका फ्लेचर का 11 साल का बेटा हंटर ‘ऑटिज्म’ से पीड़ित है और बोल नहीं सकता. हंटर आमतौर पर बात करने के लिए एक डिजिटल टैबलेट (AAC डिवाइस) का इस्तेमाल करता है. एक दिन रेस्तरां में खाना खाते वक्त अचानक उस डिवाइस की बैटरी खत्म हो गई. जेसिका परेशान हो गईं, लेकिन हंटर ने बिना घबराए एक पेपर नेपकिन उठाया, उस पर कीबोर्ड की एबीसीडी ड्रा की और अक्षरों पर उंगली रखकर अपनी मां को बताया कि उसे क्या खाना है.

मां ने हाथ पर बनवाया पक्का टैटू, बेटे ने टाइप किया पहला शब्द ‘मम्मा’

बेटे की इस समझदारी ने मां जेसिका को एक ऐसा आइडिया दिया जिसकी बैटरी कभी खत्म नहीं हो सकती थी. उन्होंने तुरंत एक टैटू आर्टिस्ट की मदद ली और अपने पूरे हाथ पर एक कीबोर्ड का पक्का टैटू बनवा लिया. इस टैटू में अक्षरों के साथ-साथ ‘हैप्पी’, ‘सैड’ के इमोजी और ‘आई लव यू’ का बटन भी बनवाया गया. जब जेसिका ने यह टैटू अपने बेटे हंटर को दिखाया, तो मासूम ने मां के हाथ वाले कीबोर्ड पर उंगली रखकर सबसे पहला शब्द टाइप किया “MAMA”. यह पल मां-बेटे दोनों के लिए बेहद भावुक कर देने वाला था.

सोशल मीडिया पर वायरल हुई खबर, दुनिया भर में छा गया आइडिया

जेसिका ने जब अपने बेटे के साथ बात करते हुए यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, तो यह देखते ही देखते दुनिया भर में वायरल हो गया. हंटर के स्कूल के दोस्तों को भी यह आइडिया इतना पसंद आया कि वे ऐसी टी-शर्ट मांगने लगे. इसके बाद जेसिका ने एक क्लॉथिंग कंपनी के साथ मिलकर ऐसी टी-शर्ट्स तैयार कीं, जिनकी आस्तीन पर कीबोर्ड छपा हुआ है. अब दुनिया भर के डॉक्टर, नर्सें और ऑटिस्टिक बच्चों के माता-पिता इस आइडिया को अपना रहे हैं.

यह भी पढ़ें: छत पर लहराई शर्ट और रेस्क्यू करने पहुंच गया हेलिकॉप्टर- नेपाल का वीडियो वायरल

टैटू आर्टिस्ट्स आए आगे, मां बोलीं- ‘बेटे के लिए हजार दर्द सहने को तैयार’

वायरल खबर के बाद कई टैटू आर्टिस्ट्स ने ऐसे बच्चों के माता-पिता के लिए फ्री में कीबोर्ड टैटू बनाने की पेशकश की है. जेसिका का कहना है कि अगर शरीर पर हजार जख्म सहकर भी उनके बेटे को अपनी बात कहने का जरिया मिलता है, तो वह हर दर्द सहने के लिए हंसते-हंसते तैयार हैं. सोशल मीडिया पर लोग इस मां के जज्बे और प्यार को सलाम कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: बाढ़ में बह रहे बच्चे को बचाने के लिए जान पर खेल गई मादा हाथी, देखें प्यार Video