नेपाल बाढ़- कुदरत के कहर के बीच सीना ताने खड़ा रहा यह ‘चमत्कारी’ घर

नेपाल बाढ़- कुदरत के कहर के बीच सीना ताने खड़ा रहा यह ‘चमत्कारी’ घर


नेपाल में हाल ही में आई भीषण प्राकृतिक तबाही और बाढ़ के हाहाकार के बीच से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. उफनती नदी और मलबे के भयंकर बहाव के बीच, जहां आसपास के पक्के मकान और गाड़ियां ताश के पत्तों की तरह बह गईं, वहीं हरे रंग का एक दो मंजिला मकान मजबूती से खड़ा रहा. कुदरत के इस कहर के सामने इस घर का यूं सुरक्षित बच जाना लोगों के लिए किसी ‘चमत्कार’ से कम नहीं लग रहा है.

बालकनी से देखते रहे मौत का मंजर, फिर ऐसे बची जान

वायरल फुटेज में देखा जा सकता है कि मटमैले पानी का तेज सैलाब पूरे इलाके को अपनी आगोश में ले रहा है. इस हरे मकान की निचली मंजिल के दरवाजे और खिड़कियां पानी के दबाव में टूटकर बह गए, लेकिन पूरी इमारत टस से मस नहीं हुई. इस दौरान घर की ऊपरी बालकनी पर तीन लोग लाचार खड़े होकर अपने आंखों के सामने तबाही का खौफनाक मंजर देखते रहे. राहत की बात यह रही कि बाद में बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद इन सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

चमत्कारी मकान पर क्या बोले सोशल मीडिया यूजर्स?

इस वीडियो के इंटरनेट पर आते ही प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है. यूजर्स इस घटना को देखकर दंग हैं और अपनी-अपनी राय रख रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि यह कुदरत की दया के साथ-साथ शानदार सिविल इंजीनियरिंग का नतीजा है. एक यूजर ने लिखा, “अगर नींव मजबूत हो तो सैलाब भी आपका कुछ नहीं बिगाड़ सकता, इस मकान के बिल्डर को सलाम है.” वहीं कई लोग इसे भगवान का चमत्कार मान रहे हैं . एक यूजर ने कमेंट किया, “मौत इतने करीब थी फिर भी जिंदगी जीत गई, इसे कहते हैं जाको राखे साइयां मार सके न कोय.” इंटरनेट पर लोग इसे तबाही के बीच ‘उम्मीद की किरण’ और ‘मिरेकल हाउस’ का नाम दे रहे हैं.

यह भी पढ़ें: बाढ़ में बह रहे बच्चे को बचाने के लिए जान पर खेल गई मादा हाथी, देखें प्यार Video

बाढ़ से बेहाल हुआ नेपाल

यह वायरल वीडियो नेपाल में आई उस भीषण आपदा का एक छोटा सा हिस्सा भर है, जिसने हजारों जिंदगियों को अस्त-व्यस्त कर दिया है. भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में आए अचानक उफान के कारण कई सड़कें, पुल और सैकड़ों घर पूरी तरह तबाह हो चुके हैं. फिलहाल हजारों प्रभावित लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं, जहां वे पीने के साफ पानी, दवाइयों और बुनियादी सुविधाओं के संकट से जूझ रहे हैं.

यह भी पढ़ें: छत पर लहराई शर्ट और रेस्क्यू करने पहुंच गया हेलिकॉप्टर- नेपाल का वीडियो वायरल