DM अंकल हमारी सड़क बनवा दो….मासूम बच्ची की गुहार से पिघला कलेक्टर का दिल

DM अंकल हमारी सड़क बनवा दो….मासूम बच्ची की गुहार से पिघला कलेक्टर का दिल


उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक बेहद दिल छू लेने वाला और प्रेरणादायक मामला सामने आया है. यहां एक छोटी सी बच्ची का मासूमियत से भरा वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. बच्ची ने बिना किसी हिचकिचाहट के सीधे जिले के जिलाधिकारी से अपने घर के बाहर की बदहाल सड़क बनवाने की गुहार लगाई थी. बच्ची की इस प्यारी सी अपील का असर ऐसा हुआ कि वायरल वीडियो देखते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और सड़क निर्माण का काम शुरू करा दिया गया.

“गड्ढे बहुत बड़े हैं और पानी भर जाता है…”

मामला बाराबंकी के कोतवाली नगर क्षेत्र के क्रिस्टल गार्डन के पास का है. यहां की खस्ताहाल सड़क से स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान थे, खासकर बारिश के मौसम में यह रास्ता जलभराव और कीचड़ के कारण चलने लायक नहीं बचता था. इसी समस्या से परेशान होकर एक छोटी बच्ची ने खुद मोर्चा संभाला. वायरल वीडियो में बच्ची टूटी-फूटी सड़क और उसमें भरे पानी की तरफ इशारा करते हुए कहती है, “DM अंकल, प्लीज हमारे घर की सड़क बनवा दीजिए. यहां बहुत बड़े-बड़े गड्ढे हैं और उनमें पानी भर जाता है.”

इंटरनेट पर छाया बच्ची का मासूम अंदाज

बच्ची की यह निष्पाप और सीधी अपील जैसे ही सोशल मीडिया पर अपलोड हुई, लोगों ने इसे हाथों-हाथ लिया. वीडियो तेजी से वायरल होने लगा और यूजर्स ने बाराबंकी प्रशासन को टैग करते हुए बच्ची की मांग को जल्द से जल्द पूरा करने की बात कही. जनता का दबाव और बच्ची की मासूमियत ने इस वीडियो को हर तरफ चर्चा का विषय बना दिया.

‘DM अंकल’ ने लिया संज्ञान, तुरंत शुरू हुआ काम

वीडियो जैसे ही बाराबंकी के जिलाधिकारी ईशान्क प्रताप सिंह के संज्ञान में आया, उन्होंने बिना कोई देर किए नगर पालिका को तुरंत सड़क का निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दे दिए. उप-जिलाधिकारी (SDM) गुंजीता अग्रवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि बच्ची की अपील पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है और संबंधित कार्यदायी संस्था को जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण सड़क बनाने के निर्देश दिए गए हैं.

मासूमियत की जीत, चेहरे पर आई मुस्कान

जो काम बड़े-बड़े लोग और लंबी कागजी शिकायतें शायद महीनों में न करा पातीं, उसे इस नन्हीं बच्ची के एक प्यारे से संदेश ने चुटकियों में कर दिखाया. स्थानीय निवासी अब बच्ची की निडरता और समझदारी की तारीफ कर रहे हैं, वहीं प्रशासन के त्वरित एक्शन की भी लोग जमकर सराहना कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: बाढ़ में बह रहे बच्चे को बचाने के लिए जान पर खेल गई मादा हाथी, देखें प्यार Video

सोशल मीडिया पर आई कमेंट्स की बाढ़

सोशल मीडिया पर बच्ची का यह वीडियो आते ही यूज़र्स का दिल पिघल गया और प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. लोगों ने बच्ची की निडरता और बोलने के बेबाक अंदाज की जमकर तारीफ की. कई यूज़र्स ने लिखा कि “जो काम बड़े-बड़े नेता और अधिकारी सालों में नहीं कर पाते, वो इस छोटी सी बच्ची ने एक मिनट के वीडियो से करवा दिया.” वहीं, लोगों ने बाराबंकी के DM की भी सरहाना की कि उन्होंने एक मासूम की पुकार को गंभीरता से लिया और बिना किसी देरी के तुरंत एक्शन मोड में आ गए.

यह भी पढ़ें: छत पर लहराई शर्ट और रेस्क्यू करने पहुंच गया हेलिकॉप्टर- नेपाल का वीडियो वायरल