चप्पल पहनी है या नंगे पैर? 90 हजार की अनोखी चप्पल उड़ा देगी होश

चप्पल पहनी है या नंगे पैर? 90 हजार की अनोखी चप्पल उड़ा देगी होश


फैशन की दुनिया में इन दिनों एक अनोखी चप्पल खूब चर्चा में है. यह चप्पल फ्रांस के मशहूर लग्जरी ब्रांड शनैल (Chanel) की है, जिसे कंपनी के क्रिएटिव डायरेक्टर मैथ्यू ब्लेजी ने डिजाइन किया है. इस चप्पल को फ्रांस के बियारित्ज शहर में हुए शनैल के क्रूज 2027 शो में पहली बार दुनिया के सामने पेश किया गया था.

इस चप्पल की सबसे खास बात यह है कि इसे देखकर पहली नजर में लगता है जैसे मॉडल ने पैर में कुछ पहना ही नहीं है. यही वजह है कि इसे नंगे पैर वाली चप्पल का नाम दिया गया है. इस चप्पल की कीमत सुनकर लोग हैरान रह जाते हैं, क्योंकि रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी कीमत करीब 25 हजार से लेकर 90 हजार रुपये तक बताई जा रही है.

चप्पल की बनावट कैसी है?

अब बात करते हैं इस चप्पल की डिजाइन की. असल में यह पूरी तरह से चप्पल जैसी दिखती भी नहीं है. इसमें ना तो पैर के तलवे के लिए कोई सोल है और ना ही पंजों को ढकने के लिए कोई कवर. इसमें सिर्फ एड़ी के पीछे एक छोटा सा चमड़े का कप लगा है, जिसे एक पतली सी पट्टी के सहारे टखने के चारों ओर बांधा गया है. यह चप्पल गोल्डन, सिल्वर और ब्लैक जैसे कई रंगों में देखी गई है. फैशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि मैथ्यू ब्लेजी ने यह डिजाइन शनैल की संस्थापक कोको शनैल की उस पुरानी तस्वीर से प्रेरित होकर बनाई है, जिसमें वे समुद्र किनारे नंगे पैर घूमते हुए दिखी थीं. हालांकि अभी तक कंपनी ने इस चप्पल को आधिकारिक तौर पर बिक्री के लिए बाजार में नहीं उतारा है.

यह भी पढ़ेंः यह कैसी सादगी? लंदन में अकबरुद्दीन ओवैसी की बेटी की शादी, भड़के यूजर्स

लोगों का मिला-जुला रिएक्शन

इस चप्पल को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन भी काफी अलग-अलग देखने को मिले हैं. कई लोग इसे फैशन की दुनिया का एक अनोखा और बोल्ड प्रयोग बता रहे हैं, तो वहीं बड़ी संख्या में लोग इसकी कीमत और डिजाइन को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं. एक सोशल मीडिया यूजर ने तो यहां तक लिख दिया कि यह चप्पल नहीं बल्कि सिर्फ एक पट्टी के साथ लगा हुआ एड़ी का कवर है.

कुछ लोगों का मानना है कि इतनी मोटी रकम में एक ऐसी चप्पल खरीदना, जिसमें ना तलवा हो ना ऊपर से पैर ढका हो, बिल्कुल भी समझदारी नहीं है. वहीं फैशन जगत से जुड़े कुछ लोगों का कहना है कि यह डिजाइन खासतौर पर लोगों का ध्यान खींचने और ब्रांड को चर्चा में लाने के लिए बनाया गया था, और इसमें कंपनी पूरी तरह कामयाब भी रही. अभिनेत्री मार्गरेट क्वॉली को भी यह चप्पल पहने हुए देखा गया, जिसके बाद यह और भी ज्यादा वायरल हो गई. 

यह भी पढ़ेंः  मौसमी के जूस में भी मिलावट? जूस वाले का वीडियो देख उड़ जाएंगे होश