मुंबई मेट्रो में बिल्ली की लगी नौकरी? MMMOCL ने दिया ये पद

मुंबई मेट्रो में बिल्ली की लगी नौकरी? MMMOCL ने दिया ये पद


मुंबई की लोकल लाइफ में कुछ भी अचानक वायरल हो सकता है, लेकिन इस बार इंटरनेट पर कोई इंसान नहीं बल्कि एक नारंगी रंग की बिल्ली छाई हुई है. मुंबई के गुंडावली मेट्रो स्टेशन पर नजर आने वाली इस बिल्ली का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में बिल्ली स्टेशन पर ऐसे घूमती और बैठती नजर आती है, जैसे मेट्रो की सुरक्षा और व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर हो. कभी वह एंट्री गेट के आसपास दिखाई देती है तो कभी यात्रियों के बीच बड़े आराम से बैठकर लोगों को आते-जाते देखती रहती है. यही अंदाज देखकर इंटरनेट यूजर्स ने मजाक में कहना शुरू कर दिया कि जब बिल्ली रोज इतनी ईमानदारी से ड्यूटी कर रही है तो इसे कोई पद क्यों नहीं दे दिया जाता. ऐसे में मुंबई मेट्रो ने यात्री की यह मांग मान भी ली है.

MMMOCL ने बिल्ली को दे दिया पद!

यात्री संदेश सामंत ने गुंडावली मेट्रो स्टेशन के गेट के पास बैठी इस प्यारी सी बिल्ली की फोटो शेयर की. इसके बाद उन्होंने मुंबई मेट्रो की कंपनी MMMOCL को टैग करते हुए मजाक में लिखा कि इस बिल्ली को कोई सरकारी पद दे देना चाहिए, क्योंकि यह काफी समय से स्टेशन पर बिना पैसे लिए ड्यूटी कर रही है.

मेट्रो कंपनी को भी यात्री का यह मजाक पसंद आया. कंपनी ने भी मजेदार अंदाज में बिल्ली को अपना ‘Chief Feline Officer’ यानी ‘मुख्य बिल्ली अधिकारी’ बना दिया. कंपनी ने कहा कि इस बिल्ली का काम स्टेशन का निरीक्षण करना, यात्रियों पर नजर रखना और ऐसी जगह बैठना है, जहां हर कोई उसे देख सके. कंपनी ने मजाक में यह भी कहा कि अभी तक उसकी परफॉर्मेंस एकदम ‘पर्फेक्ट’ रही है.

मेट्रो स्टेशन पर बिल्ली की अपनी ही दुनिया

वायरल वीडियो में बिल्ली का अंदाज देखने लायक है. आसपास यात्री लगातार आ-जा रहे हैं, लोग अपनी मेट्रो पकड़ने में व्यस्त हैं, लेकिन बिल्ली को इन सब चीजों से कोई खास फर्क पड़ता नहीं दिख रहा. वह आराम से स्टेशन पर अपनी जगह बनाए बैठी है और बीच-बीच में यात्रियों को ऐसे देखती है, जैसे हर आने-जाने वाले की हाजिरी लगा रही हो. उसकी यही बेफिक्री इंटरनेट यूजर्स को खूब पसंद आ रही है. लोगों को लग रहा है कि मेट्रो स्टेशन पर रोज आने वाले यात्रियों के लिए यह बिल्ली अब किसी कर्मचारी से कम नहीं है. कई लोगों ने तो मजाक में यह तक कहना शुरू कर दिया कि स्टेशन पर बाकी कर्मचारियों की शिफ्ट बदल सकती है, लेकिन इस बिल्ली की ड्यूटी शायद 24 घंटे चलती है.

यह भी पढ़ें: अब करो चोरी… ट्रेन में फोन चोर को महिला ने ऐसे दबोचा कि वायरल हो गया वीडियो

इंटरनेट बोला- इसे आईडी कार्ड भी मिलना चाहिए

वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने बिल्ली को लेकर अपनी-अपनी नौकरी की जिम्मेदारियां तय करनी शुरू कर दीं. कोई इसे स्टेशन का बॉस बता रहा है तो कोई कह रहा है कि इसे बाकायदा आईडी कार्ड और यूनिफॉर्म मिलनी चाहिए. एक यूजर ने मजाक करते हुए कहा कि वह हर सुबह स्टेशन पहुंचकर सबसे पहले इसी बिल्ली को तलाशता है. यानी मेट्रो पकड़ने से पहले बिल्ली की हाजिरी जरूरी हो गई है. एक अन्य यूजर ने तो इसकी पोस्टिंग भी तय कर दी और मजेदार अंदाज में कहा कि अब से यह ‘Chief Mouse Catcher’ है. सोशल मीडिया पर बिल्ली की तस्वीर और वीडियो को लेकर ऐसे ही मजेदार रिएक्शन लगातार सामने आ रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 50 और 10 का नोट जोड़कर चीज खरीदने पहुंच गई मासूम, दुकानदार का रिएक्शन वायरल