मुंबई लोकल के बाहर लटककर सफर करती दिखीं महिलाएं, VIDEO वायरल

मुंबई लोकल के बाहर लटककर सफर करती दिखीं महिलाएं, VIDEO वायरल


मुंबई की लोकल ट्रेन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है. वीडियो में कुछ महिलाएं चलती ट्रेन के अंदर बैठने या खड़े होने के बजाय ट्रेन के बाहरी हिस्से को पकड़कर सफर करती नजर आ रही हैं. जिस तरह से महिलाएं ट्रेन के बाहर लटकी हुई थीं, उसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं.

वीडियो को एक्स पर पल्लवी नाम की यूजर ने शेयर किया है. इसमें एक महिला सफेद फूलों वाला टॉप और हरे-नीले रंग की पैंट पहने नजर आती है. उसके कंधे पर बैग भी है और वह ट्रेन के दरवाजे या बाहरी हिस्से को मजबूती से पकड़े हुए दिखाई देती है. उसका पूरा शरीर ट्रेन के बाहर है और ट्रेन तेज रफ्तार से पटरी पर दौड़ रही है.

ट्रेन से लटककर सफर करती दिखाई दी महिलाएं

वीडियो में एक और महिला भी ट्रेन के बाहरी हिस्से पर लटकी दिखाई देती है. दोनों महिलाएं चलती ट्रेन के साथ इसी खतरनाक तरीके से सफर करती नजर आती हैं. वीडियो में ट्रेन के दोनों तरफ रेलवे ट्रैक और हरियाली दिखाई दे रही है. इसी दौरान पास से एक दूसरी ट्रेन गुजरती हुई भी नजर आती है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह सफर कितना जोखिम भरा था.

वीडियो देखकर लोगों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. कई लोगों का कहना है कि चलती ट्रेन के बाहर इस तरह सफर करना बेहद खतरनाक है. थोड़ी सी भी लापरवाही या हाथ की पकड़ छूटने पर बड़ा हादसा हो सकता है.

यह भी पढ़ें: 50 और 10 का नोट जोड़कर चीज खरीदने पहुंच गई मासूम, दुकानदार का रिएक्शन वायरल

यूजर्स ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

कुछ यूजर्स ने इस घटना को मुंबई की भीड़भाड़ वाली लोकल ट्रेनों में यात्रियों की मुश्किलों से जोड़कर देखा. उनका कहना है कि ऐसी परिस्थितियों को मुंबई की जिंदगी या ‘स्पिरिट ऑफ मुंबई’ बताकर सामान्य नहीं किया जाना चाहिए. यात्रियों को सुरक्षित सफर मिलना जरूरी है.

वहीं, कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी रही होगी कि महिलाओं को चलती ट्रेन के बाहर लटककर यात्रा करनी पड़ी. फिलहाल वीडियो कब और किस लोकल ट्रेन का है, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन इस वीडियो ने एक बार फिर मुंबई लोकल में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़ें: अब करो चोरी… ट्रेन में फोन चोर को महिला ने ऐसे दबोचा कि वायरल हो गया वीडियो