भारत बनाम श्रीलंका दूसरे टेस्ट का आज पहला दिन था. कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे इस मैच में शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. भारत की प्लेइंग 11 में एक बदलाव हुआ है. कुलदीप यादव की जगह सारांश जैन को मौका मिला है. पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 5 विकेट खोकर 300 रन बना लिए. देवदत्त पडिक्कल (117) ने शतक जड़ा, गिल अर्धशतक (50) लगाकर आउट हुए. ऋषभ पंत पहले दिन 3 रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हुए, जो दूसरे दिन बल्लेबाजी के लिए आ सकते हैं. पहली पारी में रवींद्र जडेजा ने भी 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली. दूसरे दिन सारांश जैन (4) और ध्रुव जुरेल (7) भारतीय पारी को आगे बढ़ाएंगे.
पहले सेशन में क्या कुछ हुआ
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत दिलाई, 10 ओवरों तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया. लेकिन 11वें ओवर में राहुल की पारी समाप्त हुई, उन्हें लाहिरू कुमारा ने कैच आउट कराया. राहुल ने 33 गेंदों में 18 रन बनाए.
इसके बाद यशस्वी जायसवाल ने अपनी पारी को तेज किया, उन्होंने 17वें ओवर में 3 चौके जड़े लेकिन इसी ओवर में अपना विकेट भी गंवा बैठे. वह अपने अर्धशतक से चूक गए, उन्हें असीथा फर्नांडो ने बोल्ड किया. जायसवाल ने 9 चौकों की मदद से 45 रन बनाए. इसके बाद शुभमन गिल ने देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और पहले सेशन में तीसरा विकेट नहीं गिरने दिया. पडिक्कल ने 13 और गिल ने 11 रन बनाए. पहले सेशन में 25 ओवरों का खेल हुआ, जिसमे भारत ने 2 विकेट खोकर 88 रन बनाए.
भारत के नाम रहा दूसरा सत्र
दूसरा सत्र पूरी तरह से भारत के नाम रहा, जहां 27 ओवरों का खेल हुआ. भारत ने 99 रन बनाए और शुभमन गिल के रूप में एक विकेट गिरा. आउट होने से पहले गिल ने अपना अर्धशतक पूरा किया. दूसरे सत्र की समाप्ति पर देवदत्त पडिक्कल 63 रन बनाकर नाबाद रहे. दूसरे सत्र तक भारत का स्कोर 187/3 था.
तीसरे सत्र में क्या कुछ हुआ
तीसरे सत्र में भारत ने कुल 113 रन बनाए. देवदत्त पडिक्कल और रवींद्र जडेजा के रूप में इस सत्र में भारत ने 2 विकेट गंवाए. आउट होने से पहले पडिक्कल ने अपना शतक पूरा किया, उन्होंने 117 रन बनाए. पडिक्कल को केशरा नुवंथा ने बोल्ड किया. रवींद्र जडेजा को असीथा फर्नांडो ने बोल्ड किया, जिन्होंने पहले दिन कुल 3 विकेट लिए. जडेजा ने 4 चौकों की मदद से 43 रन बनाए. सारांश जैन ने चौके से अपना खाता खोला और इसी के साथ भारत के स्कोर को 300 तक पहुंचाया. पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 85 ओवरों में 5 विकेट खोकर 300 रन बना लिए हैं. सारांश 4 और जुरेल 7 रन बनाकर नाबाद रहे, जो दूसरे दिन भारतीय पारी को आगे बढ़ाएंगे.
भारत की प्लेइंग 11: यशस्वी जायसवाल, के एल राहुल, देवदत्त पड़िक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जाडेजा, मानव सुथार, सारांश जैन, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.
श्रीलंका की प्लेइंग 11: लाहिरु उदारा, कामिल मिशारा, कामिंडु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, पसिंदु सूर्यबंदारा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवंता, प्रभात जयसूर्या, असिता फ़र्नांडो, लाहिरु कुमारा.
पिच रिपोर्ट
कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में पिच स्पिनर्स के लिए मददगार रहती है. पिछले 3 टेस्ट में स्पिनर्स ने यहाँ 45 विकेट चटकाए हैं, ऐसे में भारत बनाम श्रीलंका दूसरे टेस्ट में भी स्पिनर्स का जलवा देखने को मिल सकता है. मानव सुथार ने पहले टेस्ट में कुल 10 विकेट लिए थे, वह इस मैच में भी अपनी गेंदबाजी से कहर बरपा सकते हैं.
भारतीय स्क्वॉड
यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, सरफराज खान, सारांश जैन, आकिब नबी, गुरनूर बराड़.
श्रीलंका का स्क्वॉड
लाहिरु उदारा, पसिंदु सोरियाबंदरा, कामिल मिशारा, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सहान अराचिगे, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, असिथा फर्नांडो, विश्वा फर्नांडो, मिलन प्रियनाथ रथनायके, लाहिरू कुमारा.
WTC 2025-27 में भारत की स्थिति
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में ये भारत का 11वां टेस्ट मैच है. इससे पहले खेले 10 में से भारत ने 5 मैच जीते हैं, 4 हारे हैं और 1 ड्रा हुआ है. भारत 64 अंक और 53.33 पीसीटी के साथ तालिका में पांचवें नंबर पर है. श्रीलंका छठे स्थान पर है, जिन्होंने 5 में से 1 मैच जीता है और 2 हारे हैं. उनके 2 मैच ड्रा हुए हैं.





