
आमतौर पर किसी टेक्स्ट या इमेज को कॉपी करने के लिए Ctrl + C और पेस्ट करने के लिए Ctrl + V का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन सामान्य क्लिपबोर्ड में एक समय पर सिर्फ एक ही कॉपी की गई चीज सेव रहती है,. नई चीज कॉपी करने पर पिछली जानकारी हट जाती है. ऐसे में Windows Key + V काफी यूजफुल है, इसे दबाने पर Clipboard History खुलती है, जहां पहले कॉपी किए गए टेक्स्ट और इमेज दिखाई दे सकते हैं. जरूरत के हिसाब से इन्हें दोबारा चुनकर पेस्ट किया जा सकता है.

अगर लैपटॉप पर कई ऐप्स, फोल्डर और ब्राउजर विंडो खुली हैं और आपको सीधे डेस्कटॉप पर जाना है, तो हर विंडो को अलग-अलग मिनिमाइज करने की जरूरत नहीं है. इसके लिए Windows Key + D दबाएं. इससे खुली हुई विंडोज एक साथ मिनिमाइज हो जाती हैं और आप सीधे डेस्कटॉप पर पहुंच जाते हैं. दोबारा यही शॉर्टकट दबाने पर विंडोज वापस उसी स्थिति में आ जाती हैं.

पूरी स्क्रीन का स्क्रीनशॉट लेने के जगह अगर आपको स्क्रीन के किसी खास हिस्से की तस्वीर चाहिए, तो Windows Key + Shift + S शॉर्टकट काम आता है. इसे दबाते ही Snipping Tool एक्टिव हो जाता है. इसके बाद स्क्रीन के जिस हिस्से का स्क्रीनशॉट चाहिए, उसे चुन सकते हैं. चुना गया हिस्सा क्लिपबोर्ड में सेव हो जाता है और उसे Ctrl + V से डॉक्यूमेंट, चैट या ईमेल में पेस्ट किया जा सकता है.

ब्राउजिंग के दौरान अगर कोई जरूरी टैब गलती से बंद हो जाए, तो उसे दोबारा खोजने में समय लग सकता है. ऐसे में Ctrl + Shift + T दबाकर हाल ही में बंद किया गया टैब वापस खोला जा सकता है. अगर एक से ज्यादा टैब बंद हुए हैं, तो इस शॉर्टकट को बार-बार दबाकर उन्हें क्रम से वापस खोला जा सकता है.

एक विंडो में जानकारी देखते हुए दूसरी विंडो में काम करने के लिए Windows Key + Left Arrow या Windows Key + Right Arrow का इस्तेमाल किया जा सकता है. शॉर्टकट दबाने पर मौजूदा विंडो स्क्रीन के आधे हिस्से में फिट हो जाती है. इसके बाद दूसरी विंडो को बाकी हिस्से में रखा जा सकता है. इससे दोनों विंडो एक साथ दिखाई देती हैं और मल्टीटास्किंग आसान हो जाती है.
Published at : 19 Aug 2026 09:41 PM (IST)





