फाइनल हारी काव्या मारन की सनराइजर्स, जानें चैंपियन टीम को कितनी मिली प्राइज मनी


2026 The Hundred Women Prize Money: ट्रेंट रॉकेट्स ने फाइनल में काव्या मारन की टीम सनराइजर्स लीड्स को हराकर 2026 विमेंस द हंड्रेड का खिताब जीता. लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए मुकाबले में ट्रेंट रॉकेट्स ने 8 विकेट से जीत अपने नाम की. टीम को जीत दिलाने में कई खिलाड़ियों ने अहम योगदान दिया, जिसमें सोफिया डंकले, बेथ मूनी, किम गार्थ, सामंथा बेट्स, चार्ली फिलिप्स और जॉर्जिया एडम्स ने अहम किरदार अदा किया. जीत के साथ टीम को बंपर प्राइज मनी भी मिली. 

बात करें मुकाबले की, एश्ले गार्डनर की कप्तानी वाली रॉकेट्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बैटिंग के लिए उतरी सनराइजर्स की टीम 91 गेंदों में 91 रन पर ऑलआउट हो गई. इस दौरान टीम के लिए एनाबेल सरदलैंड ने 23 गेंदों में 25 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. 

टीम की 7 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकीं. इस दौरान ट्रेंट रॉकेट्स के लिए किम गार्थ, सामंथा बेट्स, चार्ली फिलिप्स और जॉर्जिया एडम्स ने सबसे ज्यादा 2-2 विकेट लिए. इसके अलावा 1 विकेट कप्तान गार्डनर ने अपने नाम किया. 

रन चेज में ट्रेंट रॉकेट्स का कमाल 

रन चेज के लिए मैदान पर उतरी ट्रेंट रॉकेट्स की तरफ से शानदार बल्लेबाजी देखने को मिली. टीम ने सिर्फ 54 गेंदों में 2 विकेट के नुकसान पर जीत हासिल कर ली. टीम के लिए सोफिया डंकले ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 23 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 41 रन स्कोर किए. इसके अलावा बेथ मूनी ने नाबाद 31 रन बनाए. दोनों मिलकर पहले विकेट के लिए 69 (40 गेंद) रनों की साझेदारी की. इस साझेदारी ने काफी हद तक जीत टीम के खाते में डाल दी थी. इसके बाद बाकी की बल्लेबाजों ने समझदारी दिखाते हुए टीम को जीत की लाइन पार करवा दी. 

ट्रेंट रॉकेट्स को कितनी प्राइज मनी मिली?

बात करें प्राइज मनी की, तो रिपोर्ट्स के मुताबिक विजेता टीम यानी ट्रेंट रॉकेट्स को करीब 1.65 करोड़ रुपये मिलेंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले सीजन भी इतनी ही प्राइज मनी दी गई थी. हालांकि इसको लेकर द हंड्रेड की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. 

 

यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत ने तोड़ा गिलक्रिस्ट का महारिकॉर्ड, 1 छक्के से रचा नया इतिहास