बड़े पर्दे पर छाने को तैयार सनी देओल, शुरू हुई ‘बंटवारा 1947’ की एडवांस बुकिंग

बड़े पर्दे पर छाने को तैयार सनी देओल, शुरू हुई ‘बंटवारा 1947’ की एडवांस बुकिंग


Batwara 1947 Advance Booking Open: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर सनी देओल अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर लगातार सुर्ख़ियों में हैं. ये फिल्म 14 अगस्त के मौके पर रिलीज होने जा रही है. वहीं अब इसकी एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है. मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए ये ऐलान किया है.

शुरू हुई ‘बंटवारा 1947’ की एडवांस बुकिंग

बंटवारा 1947 की एडवांस बुकिंग 11 अगस्त से शुरु हो चुकी है. मेकर्स ने ये जानकारी इंस्टाग्राम पर शेयर की है. आमिर खान प्रोडक्शन के इंस्टाग्राम हैंडल से एक पोस्टर शेयर करते हुए लिखा गया, ‘सिकंदर मिर्जा की कहानी का हिसा बनने का वक्त आ गया है. एडवांस बुकिंग अब खुली है. बटवारा 1947, 14 अगस्त से आपके नजदीकी सिनेमाघरों में.’ 

ट्रेलर ने बढ़ाई फैंस की एक्साइटमेंट

बंटवारा 1947 की कहानी भारत विभाजन पर बेस्ड है. इसमें सनी देओल सिकंदर मिर्जा नाम की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म के टीजर को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. वहीं हाल ही में आए इसके ट्रेलर ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया था. ट्रेलर ने फिल्म के प्रति फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी थी. उम्मीद है कि ये कहानी दर्शकों  को पसंद आएगी और सनी टिकट खिड़की पर भी बड़ा धमाका करेंगे. 

दमदार है फिल्म की कास्ट

बंटवारा 1947 प्यार, बलिदान, इंसानियत और उम्मीद की कहानी से दर्शको के दिलों में जगह बनाने जा रही है. इस इमोशनल कहानी में दमदार सितारें नजर आने वाले हैं. सनी और प्रीति जिंटा जैसे मंझे हुए स्टार्स के अलावा फिल्म का हिस्सा दिग्गज एक्ट्रेस शबाना आजमी भी हैं. वहीं अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे बेहतरीन एक्टर्स भी फिल्म का हिस्सा हैं. बंटवारा 1947 में सनी देओल के बेटे करण देओल भी अहम भूमिका निभाते हुए दिखाई देंगे.

फिल्म का डायरेक्शन दिग्गज डायरेक्टर राजकुमार संतोषी ने किया है. इसके जरिए सनी देओल और राजकुमार करीब तीन दशक के बाद साथ काम कर रहे हैं. फिल्म को अभिनेता आमिर खान ने अपर्णा पुरोहित के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है. इसमें संगीत दिया है दिग्गज म्यूजिक डायरेक्टर और सिंगर ए. आर. रहमान ने और इसके गाने लिखे हैं मशहूर लेखक और गीतकार जावेद अख्तर ने. फिल्म 14 अगस्त को बड़े पर्दे पर रिलीज होने जा रही है.