
इस निशान को Power Symbol के नाम से जानते हैं. वहीं, ज्यादातर लोग इसे सिर्फ ऑन-ऑफ बटन का निशान मानते हैं लेकिन इसका असली मतलब आज भी कई लोगों को नहीं पता है. आइए जानते हैं इस निशान की पूरी कहानी.

आपको बता दें कि Power Symbol एक ऐसा निशान है जिसे दुनिया के लगभग हर देश में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज पर इस्तेमाल किया जाता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि भाषा चाहे कोई भी हो, इस निशान को देखकर हर व्यक्ति समझ जाता है कि ये डिवाइस को ऑन या ऑफ करने का बटन है. इसका डिजाइन बेहद साधारण दिखता है लेकिन इसे सोच-समझकर तैयार किया गया था ताकि पूरी दुनिया में एक जैसा संकेत इस्तेमाल किया जा सके.

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि Power Symbol में दो चीजें होती हैं ऊपर से नीचे आती एक सीधी लाइन, उसके चारों ओर बना अधूरा गोल घेरा. ये डिजाइन दरअसल कंप्यूटर की शुरुआती बाइनरी (Binary) भाषा से लिया गया है. 1 (One) का मतलब होता है On यानी ऑन. 0 (Zero) का मतलब होता है Off यानी बंद.

Power Symbol में बनी सीधी लाइन 1 को दर्शाती है जबकि गोल घेरा 0 का सिंबल माना जाता है. दोनों को मिलाकर ऐसा संकेत बनाया गया जो ये बताता है कि ये बटन डिवाइस की पावर को कंट्रोल करता है.

दरअसल, 1960 और 1970 के दशक में अलग-अलग कंपनियां अपने-अपने तरीके से पावर बटन बनाती थीं. इससे लोगों को नए डिवाइस इस्तेमाल करने में परेशानी होती थी. बाद में अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संस्थाओं ने एक ऐसा कॉमन निशान अपनाने का फैसला किया जिसे हर कंपनी इस्तेमाल कर सके. इसके बाद Power Symbol धीरे-धीरे दुनिया भर के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज का मानक बन गया. आज ये निशान लगभग हर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर दिखाई देता है.

बता दें कि आज के एडवांस डिवाइसेज में Power Button सिर्फ डिवाइस को ऑन या ऑफ करने का काम नहीं करता है बल्कि एक ही बटन से कई अलग-अलग काम भी किए जा सकते हैं जैसे एक बार दबाने पर स्क्रीन ऑन होना, कुछ सेकंड दबाकर रखने पर डिवाइस बंद होना, लंबे समय तक दबाने पर Force Restart होना, कुछ डिवाइस में Sleep या Standby Mode एक्टिव होना शामिल है.

अगर हर कंपनी अपना अलग पावर बटन बनाती तो हर नए डिवाइस को इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाता. एक समान Power Symbol होने से किसी भी देश का व्यक्ति बिना भाषा जाने भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस चला सकता है. यही वजह है कि ये निशान टेक्नोलॉजी की दुनिया के सबसे सफल और सबसे ज्यादा पहचाने जाने वाले निशान में शामिल हो चुका है.
Published at : 02 Aug 2026 07:23 PM (IST)





