BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने PTI से बात करते हुए कहा कि ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है कि रोहित शर्मा लॉर्ड्स में अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलेंगे. उनके अनुसार रोहित आगे भी खेलना जारी रखेंगे. लेकिन फिर सवाल उठता है कि आखिर रोहित पर इतना दबाव बनाया क्यों जा रहा है? BCCI से जुड़े सूत्र ऐसी खबरें क्यों दे रहे हैं, मीडिया में ऐसी चीजें क्यों ला रहे हैं जिससे ‘हिटमैन’ पर दबाव बने. क्या लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर उनके लिए आखिरी मौका है? जिसमें अच्छा करके वह टीम में बने रह सकते हैं और अगर फ्लॉप हुए तो फिर बाहर.
सिमित ओवरों में रोहित शर्मा का लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर रिकॉर्ड वैसे भी अच्छा नहीं रहा है. यहां खेले 2 वनडे में उन्होंने 15 रन बनाए, जो एक ही मैच में बने थे. अन्य मुकाबले में तो वह शून्य पर आउट हुए थे. टी20 में भी उन्होंने इस ग्राउंड पर 2 मैच खेले, जिसके एक मैच में 5 और दूसरे में 9 रन बनाए. रोहित ने वाइट बॉल क्रिकेट में लॉर्ड्स पर 4 मैच खेले, कुल 29 ही रन बनाए.
क्या लॉर्ड्स में रोहित शर्मा को दिया गया आखिरी मौका?
बिना आग के धुंआ नहीं उठता. बेशक BCCI रोहित के संन्यास की खबरों का खंडन कर रहा है, लेकिन फिर भी सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर BCCI से जुड़े लोग मीडिया में ऐसी बातें क्यों ला रहे हैं. आउट ऑफ फॉर्म चल रहे रोहित शर्मा पर इससे अतिरिक्त दबाव बन रहा है. अगर लॉर्ड्स में भी वह अच्छा नहीं करते तो हो सकता है कि चयनकर्ता उन्हें ड्राप न करें बल्कि उससे पहले वह खुद ही संन्यास ले लें. हालांकि रोहित 2027 वर्ल्ड कप तक खेलना चाहते हैं, लेकिन परिस्थितियां बदलते समय नहीं लगता.
यह भी पढ़ें- इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले टॉप-7 एक्टिव क्रिकेटर, विराट कोहली टॉप पर; देखें पूरी लिस्ट
रोहित शर्मा ने 2026 में 8 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ सिर्फ एक अर्धशतक आया है. 6 बार वह 30 का आंकड़ा भी नहीं छू पाए. उनके बल्ले से आखिरी शतक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले साल अक्टूबर में आया था. इंग्लैंड के खिलाफ जारी सीरीज के शुरूआती 2 मैचों में उनका बल्ला खामोश रहा, वह संघर्ष करते नजर आए और उनको देखकर साफ नजर आया कि वह दबाव में खेल रहे हैं. पहले वनडे में उन्होंने 11 रन बनाने के लिए 21 गेंदें खेली, दूसरे मुकाबले में 47 गेंदें खेलकर 26 रन बनाए. ये उनकी बल्लेबाजी शैली के अनुरूप नहीं है.
यह भी पढ़ें- क्रिकेट के सबसे ‘महान ऑलराउंडर’ का 89 साल की उम्र में निधन, खेल जगत में शोक की लहर
कब है भारत बनाम इंग्लैंड तीसरा वनडे?
भारत बनाम इंग्लैंड तीसरा वनडे रविवार, 19 जुलाई को है, जो सीरीज डिसाइडर है. सीरीज का पहला मैच टीम इंडिया और दूसरा इंग्लैंड ने जीता है, अब जो तीसरा मैच जीतेगा वो सीरीज अपने नाम करेगा. ये मुकाबला भारतीय समयनुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा. मैच का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग होगी.





