LinkedIn AI Post Trend: आज के समय में एआई का इस्तेमाल हर क्षेत्र में बढ़ गया है, क्योंकि यह कम समय में ज्यादा बेहतरीन परिणामों के साथ उत्तर देने में सक्षम में है. ऐसे में कंटेंट राइटिंग में इसका जमकर इस्तेमाल किया जा रहा है. चाहे सोशल मीडिया पोस्ट के लिए डिस्क्रिप्शन लिखना हो, कैप्शन लिखना हो या पोस्ट के लिए इमेज जनरेट करनी हो, हर काम में एआई इस्तेमाल किया जा रहा है. इसे लेकर एआई डिटेक्शन स्टार्टअप पैनग्राम ने हाल ही में एक रिसर्च की, जिसमें पता चला कि लिंक्डइन पर सबसे अधिक एआई जनरेटेड पोस्ट हैं. इनमें 40% से अधिक पोस्ट को एआई की मदद से बनाया गया.
कैसे किया जाता है एआई का इस्तेमाल?
आज के समय में लिंक्डइन ही नहीं लगभग हर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एआई का इस्तेमाल बढ़ गया है. पैनग्राम की रिपोर्ट के अनुसार, लिंक्डइन पर एआई से तैयार कंटेंट को लिंक्डइन के खुद के एआई टूल ‘एन्हांस पोस्ट’ से नॉर्मल किया गया. बता दें कि यहां एआई का इस्तेमाल दो तरीके से किया गया. एक तो पोस्ट में जो भी कंटेंट और इमेज लगानी है, सब एआई से ही बनाई गई. वहीं, कंटेट और इमेज को एआई की मदद से ज्यादा आकर्षक बनाया गया.
यहां भी पढ़ें: ChatGPT, Gemini, Claude… कहीं आपका डेटा तो नहीं ले रहे? ऐसे करें बंद
लिंक्डइन पर ही सबसे ज्यादा क्यों?
अब सवाल उठता है कि एआई यूज करने के मामले में लिंक्डइन सबसे आगे क्यों है? इसका सबसे बड़ा कारण लिंक्डइन का खुद का एआई राइटिंग असिस्टेंट टूल है. दरअसल, लिंक्डइन पर एआई राइटिंग असिस्टेंट टूल ‘एन्हांस पोस्ट’ है, जिसकी मदद से यूजर्स सिर्फ एक क्लिक में अपने पोस्ट को तैयार करा लेते हैं. यहां यूजर्स इस एआई टूल को अपने आइडिया बताते हैं और यह उस पर लॉन्ग पोस्ट तैयार कर देता है. ऐसा करने में यूजर्स को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती है और वे कम समय में अपने विचारों के मुताबिक पोस्ट तैयार कर लेते हैं.
गौरतलब है कि लिंक्डइन एक प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म है, जहां अक्सर लोग करियर टिप्स, लीडरशिप और मोटिवेशनल बातें लिखते हैं. इस तरह की पोस्ट बनाना एआई के लिए बेहद आसान होता है. साथ ही, लिंक्डइन पर अपनी रीच और विजिबिलिटी बनाए रखने के लिए लोगों और कंपनियों पर लगातार कंटेंट पोस्ट करने का बहुत दबाव रहता है. रिसर्च में सामने आया कि रोजाना नए विचार सोचना मुश्किल होता है, इसलिए लोग समय बचाने के लिए AI टूल्स का सहारा ले रहे हैं.
बता दें कि एआई धीरे-धीरे हर क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करता जा रहा है. ऐसे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म चलाते वक्त हमें ख्याल रखना होता है कि जिन पोस्ट को देखकर हम अपने निर्णय ले रहे हैं, कहीं वे एआई जनरेटेड तो नहीं हैं.
यहां भी पढ़ें: AI से सावधान! एंथ्रोपिक ने कहा- एआई मॉडल्स को झूठ बोलना, चालाकी और हेरफेर करना सब आता है





