‘यह सिर्फ भारत में मुमकिन है’… ब्लड सैंपल की होम सर्विस देख चौंक गई अमेरिकी महिला

‘यह सिर्फ भारत में मुमकिन है’… ब्लड सैंपल की होम सर्विस देख चौंक गई अमेरिकी महिला


अक्सर लोग भारत की कमियों को ढूंढ़ने में लगे रहते हैं, लेकिन जब कोई विदेशी भारत की सुविधाओं को देखता है, तो वो दंग रह जाता है. ऐसा ही कुछ एक अमेरिकी महिला के साथ हुआ, जो इन दिनों मायानगरी मुंबई में रह रही है. महिला को अपना ब्लड टेस्ट करवाना था. अमेरिका के महंगे और कछुए की रफ्तार वाले हेल्थकेयर सिस्टम की आदी इस महिला ने जब भारत में टेस्ट करवाया, तो उसे अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ. महिला ने सोशल मीडिया पर भारत की तारीफों के ऐसे पुल बांधे कि उसका पोस्ट इंटरनेट पर आग की तरह वायरल हो गया. भारत की इस रफ्तार और कम खर्च को देखकर दुनिया भर के लोग हैरान हैं.

बिना क्लिनिक गए सिर्फ 5 मिनट में हुआ टेस्ट

दरअसल, मुंबई में रह रही इस अमेरिकी महिला का इंस्टाग्राम हैंडल @spicygori है. उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया कि जब उन्हें ब्लड टेस्ट की जरूरत पड़ी, तो उन्होंने क्लिनिक में फोन किया. उन्हें लगा था कि अमेरिका की तरह यहां भी क्लिनिक जाना पड़ेगा और लंबी लाइनों में लगना पड़ेगा. लेकिन क्लिनिक वालों ने जो कहा, उसने महिला को चौंका दिया. क्लिनिक ने कहा कि आपको आने की कोई जरूरत नहीं है, हम लैब टेक्नीशियन को आपके घर ही भेज देते हैं. महिला ने बताया कि कुछ ही देर में एक हेल्थकेयर वर्कर उनके घर पहुंचा, पूरी सुरक्षा के साथ सैंपल लिया और मात्र 5 मिनट के अंदर पूरा प्रोसेस खत्म करके चला भी गया.

अमेरिका से 10 गुना सस्ता और होम विजिट बिल्कुल फ्री

महिला के होश तो तब उड़े जब उसने इस पूरे टेस्ट का बिल देखा. उन्होंने बताया कि भारत में ब्लड टेस्ट की कीमत अमेरिका के मुकाबले सिर्फ 10 फीसदी थी. महिला को लगा कि टेस्ट इतना सस्ता है, तो शायद घर आकर सैंपल लेने का तगड़ा चार्ज वसूला जाएगा. लेकिन जब उन्हें पता चला कि होम विजिट सर्विस बिल्कुल फ्री थी, तो उनके मुंह से निकला “यह सिर्फ भारत में ही मुमकिन है.” महिला ने लिखा कि अमेरिका में जहां इलाज के लिए जेबें ढीली करनी पड़ती हैं, वहीं भारत का मेडिकल सिस्टम इतना किफायती और शानदार है कि कोई भी हैरान रह जाए.

यह भी पढ़ें: इंसान है या बाहुबली… 100 किलो से ज्यादा वजन की बाइक कंधे पर उठाकर चल पड़ा युवक, वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर भारतीयों ने गर्व से चौड़ा किया सीना

इस पोस्ट को अब तक 15 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं और भारतीय यूजर्स कमेंट बॉक्स में जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. एक यूजर ने गर्व से लिखा, “रहने के लिए भारत दुनिया की सबसे बेहतरीन जगह है. दुनिया घूम लो, लेकिन दिल तो भारत में ही बसता है.” वहीं दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “दवाइयों और वैक्सीन के मामले में भारत आज दुनिया का सुपरपावर बन चुका है.” एक और यूजर ने इस सुविधा की तारीफ करते हुए लिखा, “घर बैठे टेस्ट होने की यह सुविधा बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए वाकई किसी वरदान से कम नहीं है.”

यह भी पढ़ें: VIRAL VIDEO: बारिश से बचने के लिए छत पर चढ़ गया सांड, वीडियो देख घूम जाएगा माथा