आजकल शादियों में लोग महंगी-महंगी गाड़ियां, लाखों का दहेज और कान फाड़ने वाला डीजे पसंद करते हैं. लेकिन झारखंड के बोकारो जिले में एक दूल्हे ने कुछ ऐसा किया, जिसने सबका दिल जीत लिया. यह दूल्हा किसी चमचमाती कार में नहीं, बल्कि गांव वालों की मदद से फूलों से सजी एक प्यारी सी बैलगाड़ी पर बैठकर अपनी दुल्हन को ब्याहने पहुंचा. इस अनोखी शादी का मकसद समाज को बिना दहेज के शादी करने का संदेश देना और अपनी पुरानी परंपराओं को बचाना था.
बैलगाड़ी पर आई बारात, उसी पर हुई दुल्हन की विदाई!
पूरा मामला बोकारो जिले का है. दूल्हे ने अपनी शादी को दिखावे से दूर रखने के लिए बैलगाड़ी का इस्तेमाल किया. स्थानीय लोगों ने मिलकर इस बैलगाड़ी को बहुत ही सुंदर तरीके से पारंपरिक रूप से सजाया था. शादी की सबसे खूबसूरत बात यह रही कि फेरे होने के बाद, जब दुल्हन की विदाई हुई, तो वह भी उसी बैलगाड़ी पर बैठकर अपने पिया के घर गई. रास्ते में जिसने भी इस बारात को देखा, वह देखता ही रह गया.
डीजे की जगह गूंजा लोक संगीत, बारातियों ने किया पारंपरिक डांस
इस शादी में कोई डीजे नहीं बज रहा था. इसकी जगह झारखंड के पारंपरिक ‘कुड़माली लोक संगीत’ की धुनें गूंज रही थीं. बारात में आए सभी लोग गाड़ियों में बैठने के बजाय बैलगाड़ी के साथ-साथ पैदल चल रहे थे और खुशी से झूमते हुए पारंपरिक डांस कर रहे थे. शादी की सभी रस्में और रिवाज भी ‘कुड़माली’ संस्कृति के हिसाब से पूरी सादगी के साथ निभाए गए.
दहेज प्रथा के खिलाफ दी बड़ी सीख
इस शादी का आयोजन करने वाले लोगों ने बताया कि वे समाज को यह दिखाना चाहते थे कि शादियां पैसों के लेन-देन या भारी खर्च से नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच प्यार, सम्मान और अच्छे विचारों से तय होती हैं. इस शादी ने फिजूलखर्ची और दहेज जैसी बुरी प्रथाओं के खिलाफ एक बहुत बड़ा और प्यारा संदेश दिया है, जिसकी अब पूरे इलाके में जमकर तारीफ हो रही है.
ये भी पढ़ें-शादी है या बिजनेस डील? मेहमानों से लिफाफे लेकर दिए जा रहे फूड कूपन- वीडियो देख माथा पकड़ लेंगे आप
यूजर्स ने भी की तारीफ
जैसे ही इस अनोखी शादी की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर आए, लोगों ने इसे हाथों-हाथ लिया. जहां लोग महंगी शादियों में कर्ज डुबाने वाले परिवारों को इस शादी से सीख लेने की सलाह दे रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स मजे लेने से भी पीछे नहीं हटे. एक यूजर ने लिखा…”भाई ने लाखों की क्रेटा और फॉर्च्यूनर फेल कर दी. इसे कहते हैं स्वैग के साथ सादगी. असली राजा बाबू तो यही दूल्हा है.” दूसरे यूजर ने कमेंट किया…कान फाड़ने वाले डीजे से तो लाख गुना बेहतर है हमारे देश का मधुर लोक संगीत.
ये भी पढ़ें-Video: घर वालों ने फिक्स की शादी तो लड़की ने मुंडवा लिए बाल, वीडियो देख यूजर्स बोले- True Love





