शादी है या बिजनेस डील? मेहमानों से लिफाफे लेकर दिए जा रहे फूड कूपन- वीडियो देख माथा पकड़ लेंगे

शादी है या बिजनेस डील? मेहमानों से लिफाफे लेकर दिए जा रहे फूड कूपन- वीडियो देख माथा पकड़ लेंगे


सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स का सिर चकरा गया है. आमतौर पर भारत में शादियों में शगुन देना मेहमानों की अपनी मर्जी पर निर्भर करता है, लेकिन साउथ कोरिया की शादियों का नियम एकदम अलग और हैरान करने वाला है. यहां आने वाले मेहमानों के लिए पैसे देना कोई ऑप्शन नहीं, बल्कि एक अनिवार्य नियम है. सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने कोरियाई शादियों के इस अनोखे और अजीबोगरीब ‘कैश कल्चर’ को पूरी दुनिया के सामने ला दिया है.

रिश्ते के हिसाब से तय होती है शगुन की रकम, एंट्री पर ही कटती है ‘टिकट’

वायरल वीडियो के अनुसार, कोरियाई शादियों में केवल कैश को ही एकमात्र गिफ्ट माना जाता है. वहां कोई भौतिक उपहार जैसे क्रॉकरी या शोपीस देने का रिवाज नहीं है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आप दूल्हा-दुल्हन के कितने करीब हैं, इसी आधार पर शगुन की रकम तय होती है. शादी के वेन्यू के एंट्री गेट पर ही बकायदा एक काउंटर होता है, जहां मेहमानों से पैसे ले लिए जाते हैं. पैसे जमा करने के बाद ही मेहमानों को अंदर जाने और खाना खाने के लिए ‘फूड कूपन’ दिए जाते हैं. यानी बिना कैश दिए आपको शादी में खाना भी नसीब नहीं होगा. जैसा कि वायरल वीडियो में दिखाया जा रहा है.

मेहमानों के लिए शादी हॉल में ही लगा दिया गया ATM

अगर कोई मेहमान जल्दबाजी में कैश लाना भूल जाए, तो उसके लिए भी शादी के हॉल में ही खास इंतजाम होता है. वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि मेहमानों की सुविधा के लिए शादी के वेन्यू के अंदर ही एटीएम मशीन लगा दी गई है. लोग वहां आते हैं, कार्ड स्वैप करके कैश निकालते हैं, उसे लिफाफे में डालते हैं और फिर काउंटर पर जमा करके फूड कूपन लेते हैं. सोशल मीडिया पर यह हाईटेक और बिजनेस स्टाइल शादी देखकर लोग दंग हैं और इस पर तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं.

यह भी पढ़ें: VIRAL VIDEO: बारिश से बचने के लिए छत पर चढ़ गया सांड, वीडियो देख घूम जाएगा माथा

सोशल मीडिया यूजर्स बोले- ‘यह शादी है या कोई रेस्टोरेंट’

इस वीडियो के सामने आने के बाद भारतीय यूजर्स और सोशल मीडिया लवर्स मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “ये शादी कम और कोई कमर्शियल बिजनेस ज्यादा लग रहा है, बिना कूपन के खाना भी नहीं देंगे.” वहीं दूसरे यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “भाई साहब, हमारे यहां तो लोग बिना लिफाफा दिए भी दो बार रसगुल्ले खा जाते हैं, वहां तो गेट पर ही लूट मची है.” एक और यूजर ने कमेंट किया, “हॉल के अंदर एटीएम लगाना तो नेक्स्ट लेवल की वसूली है.”

यह भी पढ़ें: इंसान है या बाहुबली… 100 किलो से ज्यादा वजन की बाइक कंधे पर उठाकर चल पड़ा युवक, वीडियो वायरल