बेटी ने माता-पिता से छिपाया सच, जब फ्लाइट में सामने आई एयर होस्टेस बिटिया तो भावुक हुए पैरेंट्स

बेटी ने माता-पिता से छिपाया सच, जब फ्लाइट में सामने आई एयर होस्टेस बिटिया तो भावुक हुए पैरेंट्स


आसमान में उड़ते विमान में कब, कौन सा पल यादगार बन जाए, कहा नहीं जा सकता. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही दिल छू लेने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लाखों लोगों की आंखों को नम कर दिया है. एक एयर होस्टेस बेटी ने अपने माता-पिता को ऐसा सरप्राइज दिया, जिसकी उन्होंने सपने में भी कल्पना नहीं की थी. बेटी उसी फ्लाइट में क्रू मेंबर के तौर पर ड्यूटी पर तैनात थी, जिसमें उसके माता-पिता सफर करने वाले थे. लेकिन माता-पिता इस बात से बिल्कुल अनजान थे. जैसे ही उन्होंने विमान में कदम रखा और अपनी लाडली को वर्दी में सामने देखा, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. गर्व और आंसुओं से भरा यह पल अब इंटरनेट पर हर किसी का दिल जीत रहा है.

बेटी ने बोला झूठ, फिर रनवे पर हुआ प्राइसलेस सरप्राइज

यह खूबसूरत कहानी सुस्मिता नाथ नाम की एक केबिन क्रू मेंबर की है. सुस्मिता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस भावुक पल का वीडियो शेयर किया है. वीडियो के मुताबिक, सुस्मिता ने अपने माता-पिता से झूठ बोला था कि वह किसी दूसरी फ्लाइट पर ड्यूटी पर जा रही हैं. उनके माता-पिता को लग रहा था कि वे एक आम सफर पर निकल रहे हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि खुद उनकी बेटी विमान के दरवाजे पर उनका स्वागत करने के लिए खड़ी है. सुस्मिता ने बताया कि विमान के अंदर अपनी प्रोफेशनल ड्यूटी निभाते हुए भी उनकी नजरें लगातार दरवाजे पर टिकी थीं. वे पल उनके जीवन के सबसे लंबे और बेसब्री से भरे मिनट थे.

‘तुम इस फ्लाइट में हो?’… वर्दी में बेटी को देख मां-बाप रह गए दंग

जैसे ही सुस्मिता के पिता ने विमान में एंट्री की, सुस्मिता ने उन्हें आवाज दी. अपनी बेटी को अचानक सामने देखकर पिता के कदम रुक गए. उनके चेहरे पर हैरानी और गर्व के मिले-जुले भाव थे. उन्होंने डबडबाई आंखों से पूछा, “क्या तुम भी इसी फ्लाइट में हो?” इसके कुछ ही पलों बाद जब सुस्मिता की मां अंदर आईं, तो उन्हें अपनी आंखों पर यकीन ही नहीं हुआ. मां ने चौंकते हुए प्यार से डांटा, “तुमने हमसे झूठ क्यों बोला?” सुस्मिता ने इस पल को ‘प्राइसलेस’ यानी अनमोल बताया. उन्होंने लिखा कि माता-पिता की आंखों में अपने लिए वो गर्व देखना उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी कामयाबी है. सुस्मिता ने बताया कि एयर होस्टेस बनना उनके माता-पिता का सपना था और यह सरप्राइज उन दोनों को शुक्रिया कहने का उनका अपना तरीका था.

यह भी पढ़ें: Video: F1 ट्रैक पर गूंजा भांगड़ा, सिल्वरस्टोन में पंजाबी रंग देखकर हैरान रह गई दुनिया- वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर उमड़ा प्यार, यूजर्स बोले- ‘यह होता है वाओ मोमेंट’

इस दिल छू लेने वाले वीडियो ने इंटरनेट पर आते ही तहलका मचा दिया है. लोग इस वीडियो को बार-बार देख रहे हैं और कमेंट सेक्शन में जमकर प्यार लुटा रहे हैं. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “यह बेहद प्यारा और सुकून देने वाला वीडियो है.” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “इसे कहते हैं असली ‘वाओ मोमेंट’, माता-पिता की मेहनत सफल हो गई.” एक और यूजर ने लिखा, “यह एक बेहद खूबसूरत अहसास है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता.”

यह भी पढ़ें: सालों बाद अचानक भाई को देखा, बहन के नहीं रुके आंसू , VIDEO ने लाखों लोगों को किया भावुक