अफगानिस्तान में पाकिस्तान की ओर से की गई एयरस्ट्राइक की भारत ने निंदा की थी. भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसे ‘आक्रामकता का खुला कृत्य’ करार देते हुए क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सीधा खतरा बताया था. भारत के इस बयान पर अब पाकिस्तान का रिएक्शन आया है. उसने अफगानिस्तान में किए गए एयरस्ट्राइक को जायज ठहराया है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा, ‘पाकिस्तान, अफगानिस्तान में आतंकवादी बुनियादी ढांचे के खिलाफ अपनी जायज, लक्षित और उचित कार्रवाई पर भारतीय विदेश मंत्रालय के बेबुनियाद बयान को खारिज करता है.’ बयान में पाकिस्तान ने आरोप लगाया कि भारत खुद यूएन चार्टर का उल्लंघन करता है और पड़ोसी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता में दखल देता है. पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर को लेकर भी उकसाऊ टिप्पणी की है.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान ने की एयर स्ट्राइक तो ‘दोस्त’ के साथ खड़ा हुआ भारत, कहा – ‘इन हरकतों से…
पाकिस्तान ने भारत पर लगाया आरोप
पाकिस्तान ने एक बार फिर आरोप लगाया कि भारत अफगानिस्तान की जमीन पाकिस्तान के खिलाफ इस्तेमाल करता है. इतना ही नहीं इस्लामाबाद ने ये भी कहा कि भारत आतंकवादी संगठनों की फंडिंग भी करता रहा है. उसने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत के आरोपों पर कोई ध्यान नहीं देना चाहिए. पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार अपने नागरिकों की सुरक्षा और हिफ़ाज़त सुनिश्चित करने के लिए सभी उचित उपाय करता रहा है और आगे भी करता रहेगा.
भारत ने पाकिस्तान को लगाई थी लताड़
पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक पर MEA ने कहा, ‘यह पाकिस्तान के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के लगातार जारी रहने और अपनी सीमाओं के बाहर हिंसा की हताशापूर्ण हरकतों के जरिए अपनी अंदरूनी नाकामियों को बाहरी कारणों से जोड़ने की उसकी बेकार कोशिश को दिखाता है.’
भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, ‘भारत अफगानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें महिलाओं और बच्चों समेत कई आम नागरिकों की जान गई है. पाकिस्तान की यह खुली आक्रामकता अफगानिस्तान की संप्रभुता पर हमला है और क्षेत्रीय शांति व स्थिरता के लिए सीधा खतरा है. भारत उन अफगान परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है. वह अफगानिस्तान की संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अटूट समर्थन दोहराता है.’
ये भी पढ़ें- तालिबान ने पाकिस्तान को घर में घुसकर मारा, अफगानिस्तान ने PAK आर्मी की एयरस्ट्राइक का लिया बदला, कहा- ‘ISIS के आतंकी…’
एयरस्ट्राइक पर क्या बोला अफगानिस्तान?
पाकिस्तान ने 29 जून को कहा कि उसकी एयरस्ट्राइक में अफगानिस्तान सीमा के पास 29 आतंकियों को मार गिराया. हालांकि तालिबान की ओर से कहा गया कि पाकिस्तान के हमले में आतंकी नहीं, बल्कि आम नागरिक मारे गए हैं.
अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने X पर पोस्ट में आरोप लगाया गया कि रिहायशी इलाकों में पाकिस्तान के हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत 36 आम नागरिकों की मौत हो गई और 163 लोग घायल हो गए. इसने इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून, मानवीय सिद्धांतों और अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन बताया.





