1 एकड़ में कितना बांस होता है, जानें इससे कितनी कमाई कर सकते हैं किसान?

1 एकड़ में कितना बांस होता है, जानें इससे कितनी कमाई कर सकते हैं किसान?


Bamboo Cultivation Tips : पिछले कुछ सालों में देशभर के किसानों के बीच बांस की खेती तेजी से लोकप्रिय हो रही है. इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि इस खेती में लागत कम आती है और लंबे समय तक अच्छी इनकम मिल सकती है. इतना ही नहीं, केंद्र सरकार भी बांस की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दे रही है. यही कारण है कि अब बड़ी संख्या में किसान पारंपरिक फसलों के साथ-साथ बांस की खेती की ओर भी रुख कर रहे हैं.

पहले बांस की खेती केवल कुछ इलाकों तक सीमित थी, लेकिन अब इसके आर्थिक और पर्यावरणीय फायदों को देखते हुए देश के कई राज्यों में किसान इसे अपना रहे हैं. खासकर पूर्वोत्तर और मध्य भारत में बड़ी संख्या में किसान बांस की खेती से अच्छी कमाई कर रहे हैं. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह ऐसी फसल है, जिसमें जोखिम कम और मुनाफा ज्यादा हो सकता है. तो आइए जानते हैं कि 1 एकड़ में कितना बांस होता है और इससे किसान कितनी कमाई कर सकते हैं?

बांस की खेती क्यों मानी जाती है फायदेमंद?

बांस ऐसी फसल है, जिसे बहुत ज्यादा खाद और सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ती है. यह मौसम के उतार-चढ़ाव को भी आसानी से सहन कर लेती है. इसकी एक खास बात यह भी है कि इसे कम उपजाऊ या बंजर जमीन पर भी उगाया जा सकता है. कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक बांस के पौधों को पूरी तरह तैयार होने में लगभग 3 से 5 साल का समय लगता है. हालांकि, एक बार पौधे तैयार हो जाएं तो कई सालों तक लगातार उत्पादन मिलता रहता है. बाजार में बांस की मांग भी अच्छी रहती है, इसलिए किसानों को इसकी अच्छी कीमत मिलने की संभावना रहती है. 

1 एकड़ में कितना बांस होता है?

विशेषज्ञों के अनुसार, एक एकड़ में करीब 15 से 20 टन बांस का उत्पादन हो सकता है. बाजार में बांस की कीमत सामान्य तौर पर 3,000 से 5,000 रुपये प्रति टन तक रहती है. अगर कोई किसान 10 एकड़ में बांस का बागान तैयार करता है, तो उससे लगभग 60 से 80 लाख रुपये तक की कमाई हो सकती है. शुरुआती 3 से 4  सालों में इनकम कम रहती है, लेकिन पांचवें साल से नियमित कटाई शुरू होने पर हर साल अच्छी इनकम मिलने लगती है. 

यह भी पढ़ें – इस राज्य में बदल गए फसल ऋण योजना के नियम, अब 3 लाख तक पर नहीं देना होगा ब्याज

बांस की खेती में कितना खर्च आता है?

बांस की खेती शुरू करने के लिए बहुत ज्यादा निवेश की जरूरत नहीं होती है. एक एकड़ में लगभग 400 से 500 पौधे लगाए जाते हैं. एक पौधे की कीमत करीब 50 से 100 रुपये तक होती है. अगर खेत की तैयारी, गड्ढे खोदना, मजदूरी, शुरुआती खाद और सिंचाई का खर्च भी जोड़ दिया जाए, तो एक एकड़ में कुल लागत लगभग 60 हजार से 95 हजार रुपये तक आती है. वहीं पहले तीन साल तक पौधों की देखभाल और सिंचाई पर ध्यान देना पड़ता है.  इसके बाद पौधे तेजी से बढ़ते हैं और ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं रहती है. यही वजह है कि इसे कम रखरखाव और अच्छी कमाई वाली खेती माना जाता है. 

बांस की खेती पर कितनी सब्सिडी मिलती है?

केंद्र सरकार ने बांस की खेती को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय बांस मिशन (National Bamboo Mission) शुरू किया है. इस योजना के तहत किसानों को बांस के पौधे लगाने पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है. इसके अलावा किसानों को तकनीकी प्रशिक्षण, पौधों की उपलब्धता, बाजार से जोड़ने की सुविधा और बांस आधारित उद्योगों के लिए भी सहायता दी जाती है. पूर्वोत्तर राज्यों में इस योजना का अच्छा फायदा किसानों को मिल रहा है. 

यह भी पढ़ें – Quail Farming Tips: मात्र 50000 लगाकर शुरू कर सकते हैं ‘बटेर’ पालन, अंडे से लेकर मीट तक की होती है खूब डिमांड