फोन बंद और परेशान अमेरिकी युवती, फिर दिल्ली के ‘अंकल जी’ ने जो किया, VIDEO जीत रहा दिल

फोन बंद और परेशान अमेरिकी युवती, फिर दिल्ली के ‘अंकल जी’ ने जो किया, VIDEO जीत रहा दिल


दिल्ली में घूमने आई एक अमेरिकी युवती के साथ ऐसा हुआ, जिसकी उसने शायद कभी उम्मीद भी नहीं की होगी. रास्ते में उसका फोन बंद हो गया और वह पूरी तरह फंस गई. न वह Uber बुक कर सकती थी, न किसी दोस्त को फोन कर सकती थी और न ही रास्ता देख सकती थी. तभी वहां एक अनजान शख्स मिला, जिसे युवती प्यार से ‘अंकल जी’ कहती है. अंकल जी ने सिर्फ उसकी मदद ही नहीं की, बल्कि उसे चाय पिलाई, घर की बनी छाछ दी, अपनी गायें दिखाईं, हनुमान मंदिर घुमाया, पौधों की नर्सरी दिखाई और आखिर में उसके लिए Uber का भी इंतजाम कराया. इस पूरे पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है.

मुसीबत में मिली ऐसी मदद, जो जिंदगी भर याद रहेगी

अमेरिकी युवती सिएरा लिलियन ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए बताया कि फोन बंद होने के बाद वह काफी डर गई थी. उसे समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या करे. तभी एक अनजान व्यक्ति उसकी मदद के लिए आगे आया. उसने पहले युवती को आराम से बैठाया, चाय पिलाई और फिर उसका फोन चार्ज कराने में मदद की. इतना ही नहीं, उसने यह भी सुनिश्चित किया कि युवती सुरक्षित उसे जहां जाना है वहां तक पहुंच जाए.

गाय, मंदिर और नर्सरी भी दिखाई

युवती ने बताया कि अंकल जी ने सिर्फ औपचारिक मदद नहीं की. उन्होंने उसे अपनी गायें दिखाईं, हनुमान मंदिर घुमाया, पौधों की नर्सरी दिखाई और घर की बनी छाछ भी पिलाई. आखिर में जब युवती की Uber आ गई, तो मुस्कुराते हुए उसे विदा किया. सिएरा ने कहा कि इसी अनुभव ने उन्हें भारत की मशहूर कहावत ‘अतिथि देवो भव’ का असली मतलब समझाया.

वीडियो ने जीत लिया लोगों का दिल

वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोग इस अनजान शख्स की तारीफ कर रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि यही भारत की असली पहचान है, जहां मुसीबत में फंसे अनजान लोगों की भी अपने परिवार की तरह मदद की जाती है. वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं और यह लगातार सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: Viral Video: तुम भी मदद करना…पेट्रोल पंप पर बारिश में भीगे नोट नहीं आए काम तो अंकल ने की मदद, वायरल वीडियो

सोशल मीडिया बोला-‘यही है असली इंडिया’

वीडियो पर यूजर्स जमकर प्यार बरसा रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “यही वह भारत है, जिससे दुनिया प्यार करती है.” दूसरे ने कहा, “अंकल जी ने साबित कर दिया कि इंसानियत आज भी जिंदा है.” एक अन्य यूजर ने लिखा, “यह वीडियो देखकर आंखें नम हो गईं.” वहीं कई लोगों ने कहा कि “अतिथि देवो भव सिर्फ एक कहावत नहीं, बल्कि भारत की पहचान है.”

यह भी पढ़ें: Viral Video: कोलकाता की ट्यूशन टीचर ने दिखाया स्टूडेंट्स का प्यार, खाने की प्लेट देखकर लोग बोले- किस्मत हो तो ऐसी