गर्लफ्रेंड के साथ ट्रैवल का बना रहे हैं प्लान? इन जरूरी बातों का रखें ध्यान, सफर रहेगा सेफ

गर्लफ्रेंड के साथ ट्रैवल का बना रहे हैं प्लान? इन जरूरी बातों का रखें ध्यान, सफर रहेगा सेफ


Safety Tips Before Travelling with Your Girlfriend: चारों तरफ शांत पहाड़ियां, झरने, नदियां और इसके साथ आप अपनी प्रेमिका के साथ दो मीठी-मीठी बातें कर रहे हैं. मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं, तो फिर आपको जिंदगी में इससे खूबसूरत पल क्या चाहिए. हर प्रेमी युगल यही सोचता है कि वह ऐसे मोमेंट का आनंद ले सके. अगर आप भी ऐसे किसी ट्रिप का प्लान बना रहे हैं, तो थोड़ा जल्दबाजी करने से पहले ठहरना चाहिए. ऐसे ट्रिप के लिए कुछ प्लानिंग की जरूरत होती है, ताकि रास्ते या फिर डेस्टिनेशन पर आपको किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े. चलिए आपको बताते हैं कि किन चीजों की तैयारी करना जरूरी है?

जरूरी डॉक्यूमेंट और फोन हमेशा तैयार रखें

यह सबसे पहली और सबसे जरूरी बात है कि यात्रा के दौरान फोन पूरी तरह चार्ज रखें और साथ में पावर बैंक भी रखें. आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र अपने पास रखें. साथ ही मोबाइल में इमरजेंसी नंबर सेव रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके.

फर्स्ट एड और जरूरी दवाइयां साथ रखें

सफर में कब किस चीज की जरूरत पड़ जाए, कहा नहीं जा सकता. इसलिए फर्स्ट एड किट, नियमित दवाइयां, सैनिटाइजर, टिश्यू और पानी की बोतल जैसे जरूरी सामान अपने बैग में जरूर रखें.

इसे भी पढ़ें- IRCTC का धमाकेदार ऑफर! मानसून में बेहद सस्ते में घूमें साउथ इंडिया, नोट कर लें पूरा टूर प्लान

बजट पहले ही तय कर लें

घूमने का मजा तभी आता है, जब पैसों को लेकर बार-बार सोचने की जरूरत न पड़े. इसलिए होटल, खाने-पीने, घूमने और शॉपिंग का बजट पहले ही तय कर लें. इससे बाद में किसी तरह की गलतफहमी या बहस की संभावना कम हो जाती है.

ट्रिप से पहले खुलकर बात करें

हर इंसान छुट्टियां अलग तरीके से बिताना पसंद करता है. किसी को एडवेंचर पसंद होता है तो कोई सिर्फ आराम करना चाहता है. इसलिए निकलने से पहले इस बात पर चर्चा कर लें कि आप दोनों इस ट्रिप से क्या चाहते हैं. इससे जगह चुनने और प्लान बनाने में आसानी होगी.

एक-दूसरे की पसंद को भी मौका दें

जरूरी नहीं कि आपकी हर पसंद पार्टनर से मिले. अगर उन्हें ट्रैकिंग पसंद है या किसी नई एक्टिविटी को आजमाना चाहते हैं, तो एक बार जरूर कोशिश करें. हो सकता है वही चीज आपकी भी पसंद बन जाए. रिश्तों में समझौते से ज्यादा जरूरी एक-दूसरे की पसंद का सम्मान करना होता है.

सारी जिम्मेदारी अकेले न उठाएं

होटल बुक करना, टिकट कराना, घूमने की जगहें ढूंढ़ना या जरूरी सामान की लिस्ट बनाना, इन सभी कामों को आपस में बांट लें. इससे किसी एक व्यक्ति पर पूरा दबाव नहीं पड़ेगा और ट्रिप शुरू होने से पहले ही तनाव भी नहीं होगा.

प्राइवेसी और सुरक्षा का रखें ध्यान

होटल बुक करते समय उसकी लोकेशन, सुरक्षा और प्राइवेसी जरूर चेक करें. कोशिश करें कि ऐसी जगह रुकें, जहां आप दोनों सहज महसूस करें. साथ ही जरूरी डॉक्यूमेंट्स की कॉपी अपने पास रखें और परिवार या किसी करीबी को अपनी ट्रैवल डिटेल्स जरूर बता दें.

सुनसान जगहों पर जाने से बचें

अगर किसी नई जगह घूमने जा रहे हैं, तो रात में सुनसान इलाकों या कम भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें. हमेशा ऐसी जगहों का चुनाव करें, जहां लोगों की आवाजाही हो और जरूरत पड़ने पर मदद आसानी से मिल सके.

छोटी बातों पर नाराज न हों

यात्रा के दौरान फ्लाइट लेट होना, ट्रैफिक में फंसना या होटल में छोटी-मोटी दिक्कत आना सामान्य बात है. ऐसे समय में एक-दूसरे पर गुस्सा करने के बजाय शांत रहना बेहतर होता है. आखिर ट्रिप का मकसद अच्छे पल बिताना है, न कि छोटी-छोटी बातों पर बहस करना.

इसे भी पढ़ें- IRCTC Tour Package 2026: मात्र 21,190 रुपये में दिल्ली-जयपुर और गुजरात यात्रा, IRCTC का बड़ा तोहफा, रहना-खाना सब फ्री