बड़े भाई की मौत से पूरी तरह टूट गए शोएब अख्तर, वायरल तस्वीरों ने बढ़ाई फैंस की चिंता


पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के घर मातम पसर गया है. उनके बड़े भाई शाहिद अख्तर इस दुनिया को अलविदा कह गए हैं और शोएब ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से इस दुखद खबर की पुष्टि की. पाकिस्तान की कई जानी मानी हस्तियों और पूर्व क्रिकेटरों ने शाहिद अख्तर के निधन पर खेद प्रकट किया है.

शोएब अख्तर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि, “मुझे यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि मेरे बड़े भाई शाहिद अख्तर अल्लाह सुभानहु वा तआला के पास चले गए हैं.” शाहिद को इस्लामाबाद स्थित एच-8 कब्रिस्तान में दफनाया गया. बता दें कि शाहिद श्रद्धांजलि प्रदान करने हेतु एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पाकिस्तान की राजनीति और खेल जगत से जुड़ी जानी मानी हस्तियां शामिल हुईं.

आपको याद दिला दें कि करीब 5 साल पहले शोएब अख्तर की मां का निधन हो गया था और अब शाहिद के रूप में उनके घर का एक और सदस्य यह दुनिया छोड़कर चला गया है. पाकिस्तानी मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो शाहिद अख्तर की मौत फेफड़े फेल होने के कारण हुई.

शोएब अख्तर की बात करें तो उन्होंने 2011 वनडे वर्ल्ड कप के बाद क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. उसके बाद उन्हें अक्सर पाकिस्तानी पॉडकास्ट और चैनलों पर क्रिकेट एनलिसिस और कमेंट्री करते हुए देखा जाता है. उनका यूट्यूब चैनल भी है, जिसपर वो समय-समय पर अपने विचार रखते रहते हैं.

क्रिकेट के इतिहास की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड आज भी शोएब अख्तर के नाम है. उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में 224 मैच खेलकर 444 विकेट लिए थे. वो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान के लिए सातवें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं.

यह भी पढ़ें:

T20 इंटरनेशनल का सबसे तेज शतक लगाने के लिए वैभव सूर्यवंशी को कितनी गेंद में ठोकनी होगी सेंचुरी?