टी20 वर्ल्ड कप के बीच ICC रैंकिंग में बड़ा फेरबदल, इस भारतीय के नाम हुई बादशाहत; बन गई नंबर-1


भारत की स्टार स्पिनर श्री चरणी दुनिया की नंबर-1 टी20 गेंदबाज बन गई हैं. महिला टी20 वर्ल्ड कप में कमाल के प्रदर्शन का उन्हें रैंकिंग में जबरदस्त फायदा मिला है. श्री चरणी ने वर्ल्ड कप के 3 मैचों में 10 विकेट चटकाए हैं और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में टॉप पर विराजमान हैं.

21 वर्षीय श्री चरणी की यह उपलब्धि अविश्वसनीय है, क्योंकि करीब एक साल पहले ही उन्होंने अपना अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट डेब्यू किया था. पिछले करीब 13-14 महीनों में वो टीम इंडिया की सबसे प्रभावशाली गेंदबाजों में से एक बनकर उभरी हैं. उन्होंने इंग्लैंड की लिन्से स्मिथ को पछाड़कर पहले स्थान पर कब्जा जमाया है. स्मिथ जो अब दो स्थान फिसलकर तीसरे पायदान पर चली गई हैं.

श्री चरणी के रेटिंग अंक 753 हैं, जबकि दूसरे स्थान पर मौजूद चार्ली डीन के पॉइंट्स 733 हैं. चरणी के अलावा टॉप-10 गेंदबाजों की सूची में सिर्फ दीप्ति शर्मा मौजूद हैं. टी20 की गेंदबाजी रैंकिंग में दीप्ति को 3 स्थान का नुकसान हुआ है, जिसके चलते वो नंबर-8 पर आ गई हैं. बताते चलें कि टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में श्री चरणी के अलावा किसी भारतीय को फायदा नहीं हुआ है.

 

अब तक श्री चरणी के वर्ल्ड कप के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ केवल 21 रन देकर तीन विकेट लिए थे. उसके बाद वो नीदरलैंड्स के बैटिंग लाइन-अप पर कहर बनकर टूटीं, जहां उन्होंने केवल 19 रन देकर चार विकेट चटकाए. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चाहे टीम इंडिया को हार मिली हो, लेकिन श्री चरणी ने वहां भी 3 विकेट लेने में सफलता पाई थी.

टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग की बात करें तो शेफाली वर्मा एक स्थान के फायदे के साथ छठे स्थान पर आ गई है, जबकि स्मृति मंधाना ने पांचवां स्थान बरकरार रखा है. वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर भी एक स्थान के फायदे के साथ टॉप-10 में प्रवेश कर गई हैं.

यह भी पढ़ें:

वैभव सूर्यवंशी को मिली टीम इंडिया की जर्सी, जानिए किसके छुए पैर; सामने आया खास VIDEO

IPL इतिहास की सबसे बड़ी ट्रेड डील कंफर्म, LSG से अलग हुए ऋषभ पंत; कम हुई इतनी सैलरी