बीईएमएल लिमिटेड (BEML) की तरफ से ऑपरेटर के 362 पदों पर भर्ती निकाली गई है. यह भर्ती टेन्योर बेसिस पर होगी. पात्र और आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवार 10 जुलाई 2026 शाम 6 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आइए जानते हैं भर्ती से जुड़ी डिटेल्स…
इस भर्ती अभियान के तहत फिटर, टर्नर, वेल्डर, मशीनिस्ट और इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. सबसे ज्यादा 127 पद फिटर और 93 पद टर्नर ट्रेड के लिए रखे गए हैं. इसके अलावा वेल्डर के 44, मशीनिस्ट के 40 और इलेक्ट्रिशियन के 58 पद भरे जाएंगे.
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास संबंधित ट्रेड में NCVT से जारी नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (NTC) और DGT से जारी नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट (NAC) होना जरूरी है. साथ ही आईटीआई में कम से कम 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए. हालांकि एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों को 5 प्रतिशत अंकों की छूट मिलेगी और वे 55 प्रतिशत अंकों के साथ भी आवेदन कर सकते हैं.
उम्र सीमा
आयु सीमा की बात करें तो सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 29 वर्ष होनी चाहिए. ओबीसी उम्मीदवारों के लिए 32 वर्ष और एससी-एसटी वर्ग के लिए 34 वर्ष की सीमा तय की गई है.
ऐसे होगा चयन
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी. सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी. परीक्षा दो घंटे की होगी और इसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे. इनमें 20 प्रश्न सामान्य ज्ञान, 20 प्रश्न अंग्रेजी और रीजनिंग तथा 60 प्रश्न संबंधित ट्रेड से होंगे. अच्छी बात यह है कि परीक्षा में किसी तरह की नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी.
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद मेडिकल परीक्षण होगा. मेडिकल में फिट पाए जाने वाले उम्मीदवारों को अंतिम नियुक्ति दी जाएगी.
यह भी पढ़ें – राजस्थान की नौकरियों की रीढ़ है RPSC, जानिए इसकी स्थापना की कहानी
सैलरी कितनी?
वेतन की बात करें तो चयनित उम्मीदवारों को 16,900 रुपये प्रतिमाह बेसिक पे मिलेगा. इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA), एचआरए, 1,500 रुपये मासिक मेडिकल भत्ता और अन्य सुविधाएं भी कंपनी के नियमों के अनुसार दी जाएंगी. अच्छा प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के बेसिक वेतन में हर साल 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी भी की जाएगी.
इतना देना होगा आवेदन शुल्क
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 200 रुपये रखा गया है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों को कोई शुल्क नहीं देना होगा.
कैसे आवेदन करें?
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को बीईएमएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा. आवेदन के समय फोटो, हस्ताक्षर, 10वीं की मार्कशीट, आईटीआई प्रमाणपत्र, एनएसी सर्टिफिकेट, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे.
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI





