50 की उम्र में कॉलेज पहुंचीं ‘मम्मी’, 35 साल बाद दिया बैक का एग्जाम, बेटा बोला ऑल द बेस्ट

50 की उम्र में कॉलेज पहुंचीं ‘मम्मी’, 35 साल बाद दिया बैक का एग्जाम, बेटा बोला ऑल द बेस्ट


कहते हैं कि कुछ सीखने और पढ़ने की कोई उम्र नहीं होती, लेकिन इस बात को सच कर दिखाना हर किसी के बस की बात नहीं होती. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई इन ‘मम्मी जी’ के जज्बे को सलाम कर रहा है. पूरे 35 साल के लंबे अंतराल के बाद एक 50 साल की महिला जब दोबारा कॉलेज की दहलीज पर परीक्षा देने पहुंचीं, तो वहां का नजारा देखने लायक था. उम्र के इस पड़ाव पर भी उनके चेहरे की खुशी, आत्मविश्वास और पढ़ाई के प्रति उनका यह जुनून इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत रहा है. इस वीडियो ने साबित कर दिया है कि अगर मन में कुछ पूरा करने की चाह हो, तो उम्र का हर आंकड़ा छोटा पड़ जाता है.

‘पढ़ाई की कोई उम्र नहीं होती’ का दिखा लाइव नजारा

यह पूरा मामला मंजू नारंग नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किए गए एक वीडियो के बाद चर्चा में आया है. वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है “पढ़ाई करने की कोई उम्र नहीं होती’ आज सच हो गया. 50 साल की उम्र में स्टूडेंट, कॉलेज एग्जाम क्लास”. वीडियो को थोड़ा मजेदार बनाने के लिए इस पर एक फनी टेक्स्ट भी लिखा है “POV: 35 साल हो गए और आप अभी भी अपने बैक पेपर क्लियर कर रहे हैं”. इस हल्के-फुल्के मजाक और महिला के सकारात्मक रवैये ने इस वीडियो को हर उम्र के लोगों के लिए खास बना दिया है.

जब बेटे ने कैमरे के पीछे से कहा ‘ऑल द बेस्ट’

वीडियो में देखा जा सकता है कि यह बहादुर महिला जैसे ही कॉलेज बिल्डिंग की तरफ बढ़ती है, वह कैमरे की तरफ देखकर बेहद उत्साह से कहती हैं, “गाइज, आज मेरे कॉलेज में एग्जाम है और आज मेरी एंट्री कॉलेज में होने वाली है. मैं एग्जाम के लिए जा रही हूं”. उनके बोलने के अंदाज में थोड़ी घबराहट लेकिन उससे कहीं ज्यादा आत्मविश्वास झलक रहा था. इसी बीच कैमरे के पीछे से उनके बेटे की आवाज आती है जो अपनी मां का हौसला बढ़ाते हुए कहता है, “ऑल द बेस्ट”. मां-बेटे के बीच का यह खूबसूरत और भावुक पल सोशल मीडिया पर लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रहा है.

यह भी पढ़ें: Viral Video: कूलर के अंदर बैठा था नागराज, ढक्कन खोला तो उड़े होश; वीडियो देख कांप जाएगा कलेजा

‘वाह मम्मी जी तुसी छा गए’ यूजर्स ने लुटाया प्यार

वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है और लोग इस उम्र में परीक्षा देने के फैसले की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने पंजाबी अंदाज में लिखा, “वाह मम्मी वाह, तुसी तो छा गए यार”. वहीं दूसरे यूजर ने क्लासरूम का माहौल इमेजिन करते हुए मजाकिया लहजे में लिखा, “सोचिए अगर एग्जाम के दौरान कोई इस आंटी से आंसर पूछ रहा होगा तो कैसा नजारा होगा”. एक और यूजर ने भावुक होकर कमेंट किया, “कितनी खूबसूरत स्टूडेंट हैं, भगवान करे आप अच्छे नंबरों से पास हों, ऑल द बेस्ट मम्मी जी”.

यह भी पढ़ें: Fridge Cleaning Accident: चालू फ्रिज की सफाई करना बना जानलेवा, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा; देखें वीडियो