5 साल की एयर होस्टेस ने जीता दिल, स्टाफ के साथ कराया पूरा काम- यूजर्स ने लुटाया प्यार

5 साल की एयर होस्टेस ने जीता दिल, स्टाफ के साथ कराया पूरा काम- यूजर्स ने लुटाया प्यार


सोशल मीडिया की दुनिया में अक्सर ऐसी चीजें देखने को मिल जाती हैं जो सीधे दिल में उतर जाती हैं. इस बार इंटरनेट पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देखकर आप अपनी मुस्कान नहीं रोक पाएंगे. एक 5 साल की मासूम बच्ची ने फ्लाइट के अंदर एयरहोस्टेस बनकर कुछ ऐसा काम किया है, जिसे देखकर बड़े-बड़े प्रोफेशनल्स भी हैरान हैं. एमिरेट्स एयरलाइंस की सिग्नेचर यूनिफॉर्म, वो लाल रंग की टोपी और सफेद स्कार्फ पहने इस नन्हीं परी ने फ्लाइट के अंदर अपनी ‘सेकंड शिफ्ट’ संभाली. बच्ची के चेहरे पर इतनी बड़ी मुस्कान थी और वो अपने काम को लेकर इतनी सीरियस थी कि फ्लाइट में मौजूद असली क्रू मेंबर्स और पैसेंजर्स बस देखते ही रह गए.

नन्हीं परी ने फ्लाइट में ऐसे निभाई अपनी जिम्मेदारी

इस प्यारी सी बच्ची का नाम आयला है. आयला की मां ने इंस्टाग्राम पर यह वीडियो शेयर किया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आयला एमिरेट्स एयरलाइन के केबिन क्रू की ड्रेस में सिर से पैर तक सजी हुई है. वो सिर्फ सजकर खड़ी नहीं रही, बल्कि उसने बकायदा फ्लाइट अटेंडेंट्स के साथ मिलकर काम में हाथ बंटाया. आयला ने विमान के अंदर घूम-घूमकर पैसेंजर्स से बात की, उनसे उनके खाने-पीने की पसंद पूछी और केबिन के रूटीन कामों में क्रू की मदद की. उसने बेहद संजीदगी के साथ ट्रे साफ करने और केबिन को व्यवस्थित रखने में भी हाथ बंटाया, मानो वो कोई प्रोफेशनल एयरहोस्टेस हो.

मां ने बताया- बेटी का सपना हुआ पूरा

आयला की मां ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में मजाकिया अंदाज में लिखा कि यह आयला की एमिरेट्स केबिन क्रू के रूप में ‘दूसरी शिफ्ट’ थी. उसने लगभग पूरी फ्लाइट में काम किया और अपनी सारी जिम्मेदारियों को एक सच्चे प्रोफेशनल की तरह निभाया. मां ने एयरलाइन के स्टाफ का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि क्रू मेंबर्स ने आयला को अपने परिवार की तरह अपनाया और इस अनुभव ने उनकी छोटी बच्ची का सपना पूरा कर दिया. यह एक ऐसी याद है जिसे आयला हमेशा अपने दिल में संजोकर रखेगी.

यह भी पढ़ें: Viral Video: कूलर के अंदर बैठा था नागराज, ढक्कन खोला तो उड़े होश; वीडियो देख कांप जाएगा कलेजा

‘ये तो क्यूटनेस की दुकान है’ सोशल मीडिया पर बरसा प्यार

वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स आयला की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा….इस बच्ची का कॉन्फिडेंस कभी कम नहीं होना चाहिए, ये बहुत प्यारी है. वहीं एक पूर्व केबिन क्रू मेंबर ने लिखा….यह वीडियो बेहद दिल छू लेने वाला है, उस क्रू को बहुत सारा प्यार जिसने इस बच्ची का सपना सच किया. वीडियो को Whataboutnegin नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है.

यह भी पढ़ें: Fridge Cleaning Accident: चालू फ्रिज की सफाई करना बना जानलेवा, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा; देखें वीडियो