Middle East Tensions: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब सिर्फ राजनीतिक या सैन्य मोर्चे तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका प्रभाव खेल जगत, खासकर फुटबॉल वर्ल्ड कप तक भी साफ दिखाई दे रहा है. मौजूदा हालात में ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम ऐसी परिस्थितियों में खेल रही है, जो खेल भावना और अंतरराष्ट्रीय निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं. युद्ध के कारण टीम का बेस कैंप, जो अमेरिका के एरिज़ोना में होना था, उसे मेक्सिको शिफ्ट करना पड़ा. इसका मतलब यह है कि हर मैच के लिए खिलाड़ियों को मेक्सिको से अमेरिका आना पड़ता है और मैच खत्म होते ही वापस लौटना पड़ता है. इतनी लंबी और थकाऊ यात्रा के बाद खिलाड़ियों से उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद करना अपने आप में एक बड़ा सवाल है.
स्थिति यहीं तक सीमित नहीं रही. ईरान की टीम से जुड़े 14 सहयोगी स्टाफ को अमेरिका ने वीजा देने से इनकार कर दिया, जिससे टीम की तैयारी और प्रबंधन पर सीधा असर पड़ा. इसके अलावा, खिलाड़ियों को यह शर्त भी दी गई कि वे सिर्फ मैच के दिन ही अमेरिका में प्रवेश कर सकते हैं. इससे खिलाड़ियों को न तो माहौल में ढलने का समय मिलता है और न ही पर्याप्त आराम मिल पाता है. न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के तुरंत बाद टीम को बिना किसी विश्राम के तुरंत अमेरिका छोड़ने का आदेश दिया गया, जिससे खिलाड़ियों की रिकवरी प्रभावित हुई. टीम के कोच आमिर घालेनोई ने इस पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि इस तरह के फैसले खिलाड़ियों के साथ अन्याय हैं और यह खेल भावना के खिलाफ है.
निष्पक्षता पर सवाल
ईरान का आरोप है कि इस पूरे मामले में फीफा भी उनकी मदद के लिए आगे नहीं आ रहा है, हालांकि मैच के बाद फीफा वर्ल्ड कप के अध्यक्ष ने टीम के लॉकर रूम में जाकर उनके संघर्ष और जज़्बे की सराहना जरूर की. लेकिन सवाल यह है कि सिर्फ सराहना से क्या हालात बदलेंगे? जब एक टीम को बराबरी का अवसर ही नहीं दिया जा रहा, तो प्रतियोगिता की निष्पक्षता पर सवाल उठना लाजमी है.
यह स्थिति इसलिए और भी विडंबनापूर्ण हो जाती है क्योंकि एक तरफ अमेरिका ईरान के साथ शांति समझौते की बात कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ उसी ईरान की टीम के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है. भरोसा बनाने की बजाय ऐसे कदम दोनों देशों के बीच अविश्वास को और गहरा कर सकते हैं. ईरान की टीम के लिए यह वर्ल्ड कप सिर्फ एक खेल नहीं रह गया है, बल्कि यह तीन मोर्चों की लड़ाई बन चुका है. मैदान पर विरोधी टीम के खिलाफ, मैदान के बाहर राजनीतिक माहौल के खिलाफ और मानसिक दबाव के खिलाफ.
ईरान के लिए फुटबॉल सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि राष्ट्रीय पहचान और भावनाओं का प्रतीक है. जब उनकी टीम मैदान में उतरती है, तो वह सिर्फ 11 खिलाड़ियों का समूह नहीं होता, बल्कि पूरे देश की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करता है. युद्ध के चलते यह भावनात्मक जुड़ाव और भी मजबूत हो गया है. यही कारण है कि ईरान की टीम अपने खेल के माध्यम से दुनिया को यह संदेश देना चाहती है कि वह हर परिस्थिति में डटी हुई है और हार मानने को तैयार नहीं है.
राजनीति और खेल अलग कैसे?
ईरान की टीम ने कई मौकों पर मैदान के बाहर भी अपने देश के दर्द को दुनिया के सामने रखने की कोशिश की है. मिनाब शहर में हुए हमले में मारी गई मासूम बच्चियों को श्रद्धांजलि देने के लिए खिलाड़ियों ने विशेष वीडियो जारी किए, मैच से पहले स्कूल बैग और काली पट्टियां पहनकर मैदान में उतरे. यह सिर्फ एक प्रतीक नहीं था, बल्कि दुनिया को यह याद दिलाने की कोशिश थी कि युद्ध का सबसे बड़ा असर आम नागरिकों, खासकर बच्चों पर पड़ता है.
इस पूरे घटनाक्रम ने एक और महत्वपूर्ण सवाल खड़ा किया है कि क्या खेल को वास्तव में राजनीति से अलग रखा जा सकता है? जब मेजबान देश ही किसी टीम के खिलाफ नीतिगत बाधाएं खड़ी कर दे, तो निष्पक्षता कैसे सुनिश्चित होगी? यह पहली बार है जब कोई देश ऐसे टूर्नामेंट में खेल रहा है, जिसका मेजबान देश उसके साथ सीधा टकराव रखता है.
ईरान की फुटबॉल टीम की स्थिति यह दर्शाती है कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति का प्रभाव खेलों पर कितना गहरा पड़ सकता है. शांति समझौते के दावों के बीच इस तरह की घटनाएं यह संकेत देती हैं कि जमीन पर हालात अभी भी जटिल और संवेदनशील हैं. खेल, जो दुनिया को जोड़ने का माध्यम माना जाता है, वह यहां राजनीतिक तनाव का शिकार होता नजर आ रहा है. ऐसे में यह जरूरी हो जाता है कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं आगे आएं और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी टीम के साथ भेदभाव न हो, ताकि खेल की मूल भावना निष्पक्षता और एकता बरकरार रह सके.
ये भी पढ़ें: ईरान से डील और ट्रंप की धमकी का भी नहीं असर… लेबनान पर फिर इजरायल का ताबड़तोड हमला, 4 की मौत



.jpg)

