भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा वनडे मैच बुधवार, 17 जून को लखनऊ में खेला जाएगा. इस मुकाबले को जीतकर टीम इंडिया 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना सकती है. पहली भिड़ंत धर्मशाला में हुई थी, जहां बारिश से प्रभावित मुकाबले में टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी.
पहले मैच में डेब्यूटेंट गुरनूर बराड़ ने 3 विकेट लेकर टीम इंडिया की जीत में बड़ा योगदान दिया था. वहीं बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 84 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी. अब दूसरे वनडे के लिए टीम इंडिया लखनऊ पहुंच चुकी है. यहां जानिए लखनऊ वनडे के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में कौन से बड़े बदलाव देखे जा सकते हैं.
भारतीय टीम टेस्ट जीत चुकी है और वनडे सीरीज में भी जीत की स्थिति में नजर आ रही है. इसलिए दूसरे वनडे में टीम इंडिया में एक या दो बड़े बदलाव देखे जा सकते हैं. बताते चलें कि केवल यशस्वी जायसवाल, कुलदीप यादव और प्रिंस यादव बेंच पर बैठे हुए हैं.
टीम इंडिया करेगी बदलाव?
यशस्वी जायसवाल लंबे अरसे से वनडे टीम में अपनी जगह का इंतजार कर रहे हैं. कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें नंबर-3 पर मौका मिल सकता है, लेकिन पहले वनडे में ईशान किशन ने तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी की. ईशान ने 34 रनों की पारी खेल कहीं ना कहीं टीम मैनेजमेंट को प्रभावित किया है. जायसवाल को एक बार फिर बेंच पर बैठना पड़ सकता है. कुलदीप यादव भी बाहर बैठे रह सकते हैं, क्योंकि बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी विकल्प के रूप में आए हर्ष दुबे ने पहले वनडे में तीन विकेट चटकाए थे. उन्हें दूसरे वनडे में भी मौका मिल सकता है.
प्रिंस यादव वह विकल्प हैं, जो डोमेस्टिक क्रिकेट और फिर आईपीएल 2026 में जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं. मगर उनका डेब्यू तभी हो सकता है, जब गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह में से किसी एक को बाहर किया जाए.
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, शुभमन गिल, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वाशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव
यह भी पढ़ें:
मैदान पर हाथापाई के बाद बढ़ीं वैभव सूर्यवंशी की मुश्किलें, जानिए ICC के नियम और क्या हो सकता है फैसला





