‘हनुमान जी…’, पाकिस्तान को आधी टीम को समेटने के बाद दीप्ति शर्मा का बयान वायरल


भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए रविवार का दिन इससे अच्छा नहीं हो सकता था. टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 64 रनों से बुरी तरह हरा दिया. दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने अकेले ही पाकिस्तान की आधी टीम को पवेलियन भेज दिया था.

इसी के साथ दीप्ति टी20 विश्व कप में 5-विकेट हॉल लेने वाली तीसरी भारतीय बन गई हैं. उनसे पहले वर्ल्ड कप में रेणुका सिंह ठाकुर और प्रियंका रॉय ने वर्ल्ड कप के किसी मैच में पांच विकेट चटकाए हैं. खैर पाकिस्तान के खिलाफ मैच विजेता प्रदर्शन करने के बाद दीप्ति शर्मा का बयान फैंस का दिल जीत रहा है.

हनुमान जी महान हैं…

पाकिस्तान पर 64 रनों की जीत के बाद दीप्ति शर्मा ने कहा, “पूरा श्रेय टीम को जाता है और मुझे बहुत खुशी है. हनुमान जी महान हैं.” 

यह पहली बार नहीं है जब दीप्ति शर्मा की हनुमान जी में अटूट श्रद्धा सामने आई है. दरअसल 2025 वनडे वर्ल्ड कप की ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. पीएम मोदी ने दीप्ति से उनके हाथ पर छपे हनुमान जी के टैटू के बारे में पूछा. भारतीय ऑलराउंडर का कहना था कि जब भी वे किसी कठिनाई से गुजर रही होती हैं, तब ‘हनुमान’ का नाम लेती हैं जिससे उन्हें लड़ने की शक्ति मिलती है.

यह भी पढ़ें: भारत की दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ बनाया ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड’, दुनिया के दिग्गजों को पछाड़ा

अकेले पाकिस्तान की आधी टीम को समेटा

पाकिस्तान को वर्ल्ड कप के मैच में 171 रनों का लक्ष्य मिला था. पाक टीम को पहला झटका दीप्ति शर्मा ने ही दिया था. उन्होंने गुल फिरोजा का विकेट चटकाया, उसके बाद तो जैसे विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया. दीप्ति ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 10 रन दिए और 5 विकेट लिए. इसी के साथ दीप्ति ने महिला टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है.

यह भी पढ़ें:

ऋचा घोष ने खेली सबसे बड़ी पारी, हरमनप्रीत-दीप्ति ने रचा इतिहास; भारत-पाक मैच में टूटे 7 रिकॉर्ड