फैंस के चहेते स्टार ‘डॉग’ की बेरहमी से हत्या! रेस्टोरेंट में चोरों ने महज ₹2000 में बेचा

फैंस के चहेते स्टार ‘डॉग’ की बेरहमी से हत्या! रेस्टोरेंट में चोरों ने महज ₹2000 में बेचा


सोशल मीडिया पर जानवरों के वफादार और समझदार वीडियो देखना किसे पसंद नहीं होता? लेकिन चीन से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आपके आंसू निकल आएंगे. चीनी सोशल मीडिया पर 15 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स रखने वाले एक बेहद लोकप्रिय और समझदार बॉर्डर कॉली नस्ल के कुत्ते ‘छूतोऊ’ को चोरों ने अगवा कर लिया और महज 180 युआन (करीब 2000 रुपये) के लिए एक डॉग मीट रेस्टोरेंट को बेच दिया, जहां उसे बेरहमी से काटकर मार डाला गया. इस खबर के सामने आते ही इंटरनेट पर लोग रो पड़े हैं और जानवरों की सुरक्षा को लेकर चीन के ढीले कानूनों के खिलाफ भारी गुस्सा देखा जा रहा है.

रेगिस्तान से लेकर पहाड़ों तक… ‘छूतोऊ’ था सबका चहेता स्टार

‘छूतोऊ’ कोई आम कुत्ता नहीं था. वह हेनान प्रांत के एक मशहूर ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर ‘गुओ’ का सबसे पक्का साथी था. गुओ ने साल 2018 में इस प्यारे से पिल्ले को एक सड़क किनारे एक दुकान से खरीदा था. पिछले कुछ सालों में छूतोऊ अपनी बुद्धिमानी और वफादारी की वजह से इंटरनेट सेंसेशन बन चुका था. वह अपने मालिक गुओ के साथ चीन के ऊंचे पहाड़ों, तपते रेगिस्तानों और खूबसूरत वादियों में रोड ट्रिप पर जाता था. उसके कैंप की रखवाली करने और मालिक के प्रति उसकी वफादारी के वीडियोज को करोड़ों लोग देखते थे.

मालिक था विदेश में, पीछे से चोरों ने स्कूटी पर किया अगवा

यह दर्दनाक कहानी तब शुरू हुई जब मालिक गुओ अकेले जॉर्जिया की यात्रा पर गए हुए थे. इस दौरान छूतोऊ की देखरेख गुओ के माता-पिता कर रहे थे. 11 मई को अचानक छूतोऊ अपने खेत से गायब हो गया. जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, तो रोंगटे खड़े कर देने वाला सच सामने आया. दो अनजान लोग स्कूटी पर आए और छूतोऊ को जबरन उठाकर ले गए. खबर मिलते ही गुओ अपनी विदेश यात्रा बीच में ही छोड़कर तुरंत चीन लौटे और पागलों की तरह अपने जिगर के टुकड़े को ढूंढने लगे.

1 लाख रुपये से ज्यादा की रिश्वत देने को तैयार था मालिक पर मिली दर्दनाक खबर

हफ्तों की तलाश के बाद गुओ ने उस चोर को ढूंढ निकाला. गुओ ने अपने छूतोऊ की जान बचाने के लिए चोर को 10,000 युआन (करीब 1.15 लाख रुपये) देने की पेशकश भी की. चोर ने झूठ बोला कि उसने छूतोऊ को लावारिस समझकर उठा लिया था, जबकि छूतोऊ के गले में बकायदा पट्टा और ट्रैकिंग डिवाइस लगा हुआ था. आखिरकार गुओ को वो खबर मिली जिसने उनका दिल तोड़ दिया. चोर ने छूतोऊ को एक रेस्टोरेंट को बेच दिया था, जहां उसे मारकर पकाया और खाया जा चुका था.

“कुत्ता मर गया, अब तमाशा बंद करो…” चोरों की बेशर्मी पर भड़की जनता

हद तो तब हो गई जब पकड़े जाने के बाद भी चोर और उसके घरवालों के चेहरे पर कोई पछतावा या माफी का भाव नहीं था. उन्होंने उल्टा गुओ से बेशर्मी से कहा, “कुत्ता मर चुका है, अब इस बात पर तमाशा करना बंद करो.” इस लाइन ने सोशल मीडिया यूजर्स के गुस्से में घी का काम किया है.सोशल मीडिया पर लोग छूतोऊ को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और चीन सरकार से मांग कर रहे हैं कि डॉग मीट रेस्टोरेंट्स पर पूरी तरह बैन लगाया जाए और बेजुबानों की हत्या करने वालों को फांसी जैसी कड़ी सजा मिले.

यह भी पढ़ें: Viral Video: हमला अचानक हुआ… वाटर पार्क की स्लाइड पर मस्ती कर रही थीं दीदी, तभी पीछे से…देखें वीडियो

कानून की लाचारी: चीन में पेट्स को सिर्फ ‘प्रॉपर्टी’ माना जाता है

गुओ अब अपने छूतोऊ को न्याय दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं. लेकिन चीन में जानवरों की सुरक्षा के लिए कोई सख्त राष्ट्रीय कानून नहीं है. वहां पालतू जानवरों को सिर्फ ‘प्रॉपर्टी’ यानी एक सामान माना जाता है. वकीलों का कहना है कि चोर को चोरी के आरोप में जेल तो हो सकती है, लेकिन छूतोऊ के जाने से उसके मालिक को जो मानसिक सदमा लगा है और सोशल मीडिया सेलिब्रिटी के रूप में उसकी जो कीमत थी, उसे कानून के दायरे में साबित करना बहुत मुश्किल है.

यह भी पढ़ें: Viral Video: लिफ्ट मांगने के बहाने फोन चोरी! युवक ने पकड़ा तो सड़क पर हुआ हंगामा, जयपुर का वीडियो वायरल