रात 1 बजे सुनसान सड़क पर भी नहीं तोड़ी रेड लाइट, सिंगापुर में ट्रैफिक अवेयरनेस का वीडियो वायरल

रात 1 बजे सुनसान सड़क पर भी नहीं तोड़ी रेड लाइट, सिंगापुर में ट्रैफिक अवेयरनेस का वीडियो वायरल


Singapore Viral Video : आज के समय में सड़क पर चलते हुए लोग अक्सर जल्दबाजी में ट्रैफिक नियमों को नजरअंदाज कर देते हैं. खाली सड़क देखकर रेड लाइट पार करना या पेडेस्ट्रियन क्रॉसिंग के नियमों का पालन न करना कई जगह आम बात मानी जाती है, लेकिन हाल ही में सिंगापुर से सामने आया एक वीडियो लोगों को सोचने पर मजबूर कर रहा है. इस वीडियो में रात के करीब 1 बजे एक व्यक्ति सुनसान सड़क पर भी ट्रैफिक नियमों का पूरी तरह पालन करता दिखाई देता है. 

इस वीडियो को सिंगापुर में रहने वाली भारतीय महिला कृतिका जैन ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था. वीडियो में दिखी एक छोटी-सी आदत ने दुनिया भर के लोगों का ध्यान खींच लिया और देखते ही देखते यह क्लिप वायरल हो गई. अब तक इस वीडियो को 4.4 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है. 

क्या है वायरल वीडियो में?

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति रात के समय पेडेस्ट्रियन क्रॉसिंग के पास खड़ा दिखाई देता है. सड़क लगभग खाली है और आसपास कोई वाहन भी नजर नहीं आता है. इसके बाद भी वह व्यक्ति सड़क पार नहीं करता है. वह पैदल यात्रियों के लिए लगी ट्रैफिक लाइट के हरी होने का इंतजार करता है. जैसे ही सिग्नल हरा होता है, वह आराम से सड़क पार कर लेता है. यह नॉर्मल-सा सीन ही लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. 

भारतीय महिला ने क्या कहा?

वीडियो शेयर करते हुए कृतिका जैन ने लिखा कि उन्हें समझ नहीं आता कि यह आदत है, डिसिप्लिन है या फिर लोगों की सोच का हिस्सा, लेकिन यह छोटी-सी बात बहुत कुछ बताती है. वीडियो पर लिखे टेक्स्ट में भी कहा गया कि रात 1 बजे किसी अनजान व्यक्ति को पैदल सिग्नल के हरा होने का इंतजार करते देखना यह दिखाता है कि छोटी-छोटी आदतें किसी देश की पहचान बनाती हैं. 

यह भी पढ़ें – खंडाला घाट पर गर्मी से बेहाल बंदरों ने रोकी बस, यात्रियों ने पानी पिलाकर जीती दुनिया, वीडियो वायरल

लोगों ने किए जमकर कमेंट्स 

वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. लाखों लोगों ने इसे शेयर किया और करोड़ों लोगों ने इसे देखा. कई यूजर्स ने सिंगापुर के लोगों के डिसिप्लिन की तारीफ की, एक यूजर ने लिखा, डिसिप्लिन का इससे बेहतर सीन शायद ही देखने को मिले. वहीं कई लोगों ने कहा कि किसी देश की प्रोग्रेस सिर्फ बड़े नियमों से नहीं, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की छोटी आदतों से तय होती है, वीडियो पर कमेंट करते हुए कुछ लोगों ने कहा कि ऐसा सिर्फ सिंगापुर में ही नहीं होता है. एक यूजर ने लिखा कि जर्मनी में भी लोग खाली सड़क होने पर रेड सिग्नल पार नहीं करते हैं. कृतिका जैन ने यह भी बताया कि उन्हें इस वीडियो का विचार एक दूसरे सोशल मीडिया क्रिएटर से मिला था, जिसने जापान का ऐसा ही वीडियो शेयर किया था. 

जापान के वीडियो में क्या था?

जापान के वायरल वीडियो में एक व्यक्ति सुबह करीब 4 बजे सुनसान सड़क पर खड़ा होकर सिग्नल के हरा होने का इंतजार करता दिखाई देता है. सड़क लगभग खाली थी, लेकिन फिर भी उसने नियम नहीं तोड़ा है. उस वीडियो पर भी लोगों ने यही प्रतिक्रिया दी थी कि किसी देश की संस्कृति और नागरिक जिम्मेदारी छोटी-छोटी आदतों से झलकती है. 

यह भी पढ़ें – Monkey Viral Video : 2 लाख कैश से भरा बैग छीनकर पेड़ पर चढ़ा बंदर, कर दी नोटों की बारिश; वीडियो वायरल