ओडिशा के बौध जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं. एक बुजुर्ग व्यक्ति रातभर मौत के साए में पड़ा रहा, क्योंकि एक जहरीला सांप उसके हाथ में लिपट गया था. हालत इतनी खतरनाक थी कि जरा सी हरकत उसकी जान ले सकती थी. करीब 4 घंटे तक वह बेबस होकर बिस्तर पर पड़ा रहा, जबकि सांप उसके शरीर पर कुंडली मारे बैठा था.
सोते समय कमरे में घुसा सांप
यह घटना हराभंगा ब्लॉक के अदेनिगढ़ गांव की बताई जा रही है. यहां रहने वाले कृष्णा चंद्र साहू, जो लकवे के कारण पहले से ही कमजोर हैं, रात में अपने कमरे में सो रहे थे. बताया जा रहा है कि कमरे की खिड़की खुली थी, जिससे सांप चुपचाप अंदर घुस आया. कुछ ही देर में वह सांप बिस्तर पर चढ़ गया और बुजुर्ग के शरीर पर रेंगने लगा. जैसे ही उन्हें इसका अहसास हुआ, उनके होश उड़ गए.
हाथ में लिपटकर बना मौत का फंदा
जब बुजुर्ग ने थोड़ा सा हिलने की कोशिश की, तो सांप और ज्यादा खतरनाक हो गया. उसने उनके एक हाथ को कसकर जकड़ लिया और अपना शरीर पास रखी कुर्सी के साथ लपेट लिया. इस हालत में बुजुर्ग पूरी तरह फंस गए. लकवे की वजह से वह न तो खुद को छुड़ा सकते थे और न ही जोर से मदद के लिए पुकार सकते थे.
4 घंटे तक बिना हिले-डुले पड़े रहे
करीब 4 घंटे तक वह ऐसे ही पड़े रहे. उन्हें डर था कि अगर उन्होंने जरा सी भी हरकत की, तो सांप काट सकता है. इस दौरान वह पूरी तरह शांत रहे और मदद का इंतजार करते रहे. बाद में जब परिवार वालों को कुछ गड़बड़ लगी, तो वे कमरे में पहुंचे और यह नजारा देखकर सन्न रह गए.
समझदारी से बची जान
परिवार ने घबराने की बजाय समझदारी दिखाई. उन्होंने जल्दबाजी में सांप को हटाने की कोशिश नहीं की, क्योंकि इससे खतरा और बढ़ सकता था. करीब 4 घंटे बाद बड़ी सावधानी से बुजुर्ग को सांप के चंगुल से छुड़ाया गया. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इतने लंबे समय तक सांप के संपर्क में रहने के बावजूद उन्हें एक भी काट नहीं लगा.
यह भी पढ़ें: Viral Video: दुरंतो एक्सप्रेस के टॉयलेट में बर्तन साफ करता मिला IRCTC स्टाफ, वीडियो हो गया वायरल
यूजर्स को भी लगा झटका
इस खौफनाक घटना का वीडियो और खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन की बाढ़ आ गई. कई यूजर्स इस घटना को किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं. लोगों का कहना है कि जिस तरह से बुजुर्ग ने चार घंटे तक बिना हिले-डुले खुद को संभालकर रखा, वह अपने आप में हैरान करने वाला है. कुछ यूजर्स ने लिखा कि अगर कोई और होता तो शायद घबराहट में हरकत कर देता और जान जोखिम में पड़ जाती. वहीं कई लोगों ने परिवार की समझदारी की भी तारीफ की, जिन्होंने बिना जल्दबाजी किए सही समय का इंतजार किया और सुरक्षित तरीके से बुजुर्ग को बचा लिया.
यह भी पढ़ें: जो चीज तकलीफ दे रही है निकलवाते क्यों नहीं? बारात में कपल का अजीब डांस वायरल, यूजर्स ने जमकर लिए मजे





