- ब्लूटूथ का लोगो राजा हेराल्ड के नाम के नॉर्डिक रूनिक अक्षरों से बना है।
Bluetooth: आज Bluetooth हमारे स्मार्टफोन, लैपटॉप, ईयरबड्स, स्मार्टवॉच और कारों का अहम हिस्सा बन चुका है. हर दिन करोड़ों लोग इसका इस्तेमाल करते हैं लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि Bluetooth नाम किसी तकनीकी शब्द से नहीं बल्कि एक वास्तविक राजा के नाम से जुड़ा हुआ है. दिलचस्प बात यह है कि ज्यादातर लोग इसका सही जवाब नहीं दे पाते.
आखिर किस राजा के नाम पर रखा गया Bluetooth?
Bluetooth का नाम 10वीं शताब्दी के Scandinavian (डेनमार्क, स्वीडन और नॉर्वे) राजा के नाम पर रखा गया था. जानकारी के अनुसार, राजा Harald Bluetooth Gormsson के नाम ही ब्लूटूथ का नाम रखा गया था. इन्होंने 958 से 985 तक डेनमार्क और नॉर्वे पर राज किया था. बता दें कि यह राजा डेनमार्क और नॉर्वे के कुछ हिस्सों को एकजुट करने के लिए प्रसिद्ध था. इतिहासकारों के अनुसार, राजा हेराल्ड ने अलग-अलग जनजातियों और क्षेत्रों को एक साथ जोड़ने का काम किया था. इसी वजह से जब एक नई वायरलेस तकनीक विकसित की जा रही थी तो उसके इंजीनियरों को लगा कि यह तकनीक भी विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसों को आपस में जोड़ने का काम करेगी. इसलिए इसका नाम Bluetooth रखा गया.
Bluetooth नाम का मतलब क्या है?
राजा Harald को Bluetooth उपनाम मिला हुआ था. माना जाता है कि उनके एक दांत का रंग गहरा नीला या काला दिखाई देता था जिसकी वजह से उन्हें Bluetooth कहा जाने लगा. हालांकि इतिहास में इसके पीछे अलग-अलग कहानियां मिलती हैं लेकिन यही उपनाम बाद में दुनिया की सबसे लोकप्रिय वायरलेस तकनीकों में से एक का नाम बन गया.
तकनीक और इतिहास का अनोखा मेल
1990 के दशक में जब कई कंपनियां मिलकर एक शॉर्ट-रेंज वायरलेस कम्युनिकेशन स्टैंडर्ड पर काम कर रही थीं, तब Intel के एक इंजीनियर ने इस नाम का सुझाव दिया था. उस समय यह केवल एक अस्थायी कोडनेम माना जा रहा था. बाद में जब अंतिम नाम चुनने की बारी आई तो Bluetooth इतना लोकप्रिय हो चुका था कि इसे ही स्थायी नाम बना दिया गया.
Bluetooth का लोगो भी छिपाता है राज
क्या आपने कभी Bluetooth के लोगो को ध्यान से देखा है? इसका प्रतीक कोई साधारण डिजाइन नहीं है. यह नॉर्डिक रूनिक अक्षरों का संयोजन है, जो राजा Harald Bluetooth के नाम के शुरुआती अक्षरों H और B को दर्शाता है. यानी Bluetooth का नाम ही नहीं, बल्कि उसका लोगो भी सीधे उस ऐतिहासिक राजा से जुड़ा हुआ है.
क्यों है यह जानकारी खास?
अधिकांश लोग मानते हैं कि Bluetooth का संबंध किसी तकनीकी शब्द, रंग या वैज्ञानिक अवधारणा से होगा. लेकिन सच्चाई यह है कि इसका नाम एक ऐसे राजा के सम्मान में रखा गया था जिसने लोगों और क्षेत्रों को जोड़ा था. ठीक उसी तरह Bluetooth आज दुनिया भर में अरबों डिवाइसों को आपस में जोड़ने का काम करता है.
यह भी पढ़ें:
WWDC 2026 से पहले लीक हुए iOS 27 के बड़े फीचर्स, Siri में दिख सकता है सबसे बड़ा बदलाव





