अमेरिका में एक शख्स की किस्मत ऐसे चमकी कि खुद उसे भी यकीन नहीं हुआ. सोचिए, जिस चीज को आप महीनों पहले खोया हुआ मान चुके हों, वो अचानक आपकी जिंदगी बदल दे वो भी करोड़ों की रकम के साथ. कुछ ऐसा ही हुआ न्यू जर्सी के एक व्यक्ति के साथ, जिसने लापरवाही में खरीदा हुआ एक लॉटरी टिकट पुरानी पैंट की जेब में भूलकर रख दिया था. वक्त बीतता गया, टिकट का कोई अता-पता नहीं रहा, लेकिन किस्मत ने आखिरी मौके पर ऐसा पलटा मारा कि वह शख्स करोड़पति बन गया. यह कहानी अब सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान भी कर रही है और सोचने पर मजबूर भी कि कभी-कभी किस्मत दरवाजा नहीं खटखटाती, सीधे अलमारी से निकल आती है.
खोया टिकट, मिल गई करोड़ों की दौलत
न्यू जर्सी के इस व्यक्ति ने पिछले साल मई में एक गैस स्टेशन से Pick-6 लॉटरी टिकट खरीदा था, लेकिन खरीदने के बाद वह टिकट कहीं रखकर भूल गया. करीब एक साल तक उसे याद ही नहीं आया कि उसने कोई टिकट खरीदा था. पिछले महीने जब लॉटरी अधिकारियों ने घोषणा की कि एक जैकपॉट टिकट अभी तक क्लेम नहीं हुआ है और जल्द ही एक्सपायर होने वाला है, तब उसकी नजर इस खबर पर पड़ी. क्योंकि टिकट उसी पेट्रोल पंप से खरीदा गया था जहां वह अक्सर जाता था, उसे शक हुआ और उसने तलाश शुरू की.
आखिरी वक्त पर मिला ‘खजाना’
काफी खोजबीन के बाद उसने अपने घर के हर कोने को खंगाल डाला. ड्रॉअर, अलमारी, स्टोरेज बॉक्स, लेकिन टिकट नहीं मिला. आखिर में जब उसने पुरानी पैंट की जेब चेक की, तो वहीं उसे मुड़ा-तुड़ा टिकट मिल गया. नंबर मिलाने पर वह दंग रह गया यह वही $5.9 मिलियन (करीब 57 करोड़ रुपये) का जैकपॉट टिकट था. उसने तुरंत लॉटरी हेडक्वार्टर पहुंचकर डेडलाइन से सिर्फ 8 दिन पहले इनाम क्लेम कर लिया.
एक भूल की वजह हाथ से निकल जाते करोड़ों रुपये
इस घटना से जुड़ी तस्वीरें और रिपोर्ट सामने आने के बाद लोग हैरान रह गए. सबसे दिलचस्प बात यह रही कि इतना बड़ा इनाम सिर्फ एक भूल की वजह से हाथ से निकल सकता था. लॉटरी अधिकारियों ने भी लोगों को सलाह दी कि पुराने टिकट्स को समय-समय पर चेक करते रहें, क्योंकि कई बार लोग करोड़ों जीतकर भी भूल जाते हैं. यह मामला इस बात का भी उदाहरण है कि छोटी सी लापरवाही कभी-कभी बहुत बड़ी कीमत बन सकती है या फिर बड़ी किस्मत भी.
यह भी पढ़ें: Viral Video: ‘गजब हैं पाकिस्तानी’ तरबूज बेचने के लिए नंगे होकर डांस कर रहे पड़ोसी, वीडियो देख नहीं रुकेगी हंसी
सोशल मीडिया पर रिएक्शन
इस खबर के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने मजेदार कमेंट्स की बौछार कर दी. किसी ने लिखा, “अब तो मैं भी अपनी पुरानी पैंट्स चेक करने जा रहा हूं.” एक अन्य यूजर ने कहा, “इतनी किस्मत हो तो खोना भी फायदेमंद है.” वहीं कुछ लोगों ने इसे ‘लकी भूल’ बताया, तो कई यूजर्स ने मजाक में कहा कि “मां सही कहती थीं, पुरानी जेबें हमेशा चेक करनी चाहिए.” कुल मिलाकर, यह कहानी सिर्फ एक लॉटरी जीतने की नहीं, बल्कि किस्मत के उस खेल की है, जो कभी भी और कहीं से भी पलट सकता है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: रेलवे ट्रैक पर फंसे बच्चों के बचाने के लिए मां ने मौत को भी दी मात, वीडियो देख निकल जाएगी चीख





