पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमत ने तोड़े रिकॉर्ड, जानें अब कितने रुपए का है एक लीटर

पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमत ने तोड़े रिकॉर्ड, जानें अब कितने रुपए का है एक लीटर


Pakistan Petrol Diesel Price: यूएस- ईरान वॉर का असर केवल भारत पर ही नहीं बल्कि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान पर भी पड़ रहा है. जिस तरह से गैस और तेल की कमी भारत में देखने को मिल रही है, उसी तरह से पाकिस्तान में भी देखी जा रही है. पड़ोसी मुल्क का तो हाल इतना बुरा है कि यहां महज एक हफ्ते में ही पेट्रोल- डीजल के दाम दोबारा से बढ़ गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 15 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है.

पेट्रोल- डीजल की कीमत में बढ़ोतरी
दरअसल पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन के मुताबिक, पेट्रोल की कीमत 399.86 पाकिस्तानी रुपये से बढ़ाकर 414.78 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. वहीं हाई स्पीड डीजल (HSD) की कीमत 399.58 रुपये से बढ़कर 414.58 रुपये प्रति लीटर हो गई है. ये महज एक हफ्ते में दूसरी बार है जब पाकिस्तान में पेट्रो- डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं.

ये भी पढ़ें: Budget-Friendly Summers: मौज कर दी! अब महंगे नहीं होंगे AC और फ्रिज, सरकार ने मार्च 2027 तक बढ़ा दी ये वाली छूट

लगातार तीसरी बार बढ़े दाम
वहीं स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, पाकिस्तान सरकार ने लगातार तीसरी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है. पिछले दो हफ्तों में सरकार पेट्रोल के दाम 33.28 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 46.16 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा चुकी है. इसके अलावा शहबाज शरीफ सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली लेवी (टैक्स) भी 13.91 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी है.

बता दें कि ये फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब इंटरनेशनल मोनेटरी फंड (IMF) ने आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को करीब 1.32 अरब डॉलर की वित्तीय मदद देने का भरोसा दिया है. IMF ने शुक्रवार, 8 मई को बयान जारी कर कहा है कि पाकिस्तान को उसकी एक्सेंडेड फंड फेसिलिटी के तहत 1.1 अरब डॉलर मिलेंगे. इसके अलावा जलवायु और पर्यावरण से जुड़ी योजनाओं के लिए रेजिलेंस एंड सस्टेनेबिलिटी फेसिलिटी के तहत करीब 22 करोड़ डॉलर की मदद भी दी जाएगी.

ये भी पढ़ें: Retail Inflation: किस राज्य में सबसे कम, किस राज्य में सबसे ज्यादा दर्ज की गई महंगाई दर? जानें