- यह फ्रिज, पंखे जैसे उपकरण चलाने और बिजली बिल कम करने में सहायक है।
Balcony Solar: बढ़ते बिजली बिलों और महंगी ऊर्जा के दौर में अब लोग सोलर पावर की तरफ तेजी से रुख कर रहे हैं. लेकिन हर किसी के पास बड़ी छत या महंगा रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने की सुविधा नहीं होती. खासकर किराए के मकानों में रहने वाले लोगों के लिए यह काफी मुश्किल होता है. ऐसे में अब Balcony Solar System एक नया और आसान विकल्प बनकर सामने आ रहा है जो बिना बड़ी इंस्टॉलेशन के भी बिजली पैदा कर सकता है.
क्या होता है Balcony Solar सिस्टम?
Balcony Solar एक छोटा प्लग-इन सोलर सिस्टम होता है जिसमें छोटे सोलर पैनल लगाए जाते हैं. इन्हें घर की बालकनी, टैरेस, खिड़की के पास या छोटे खुले हिस्से में लगाया जा सकता है. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसे इस्तेमाल करने के लिए बड़े निर्माण कार्य, भारी वायरिंग या विशेषज्ञ टेक्नीशियन की जरूरत नहीं पड़ती. इन सोलर पैनलों को सीधे घर के सामान्य पावर आउटलेट से जोड़ा जा सकता है. यानी इसे लगाना काफी आसान होता है और लोग खुद भी इसे सेटअप कर सकते हैं.
किराएदारों के लिए क्यों है फायदेमंद?
रेंट पर रहने वाले लोगों को अक्सर मकान मालिक की अनुमति के बिना स्थायी बदलाव करने की इजाजत नहीं मिलती. यही वजह है कि पारंपरिक रूफटॉप सोलर सिस्टम उनके लिए आसान विकल्प नहीं बन पाते. Balcony Solar इस समस्या को काफी हद तक हल कर सकता है.
यह सिस्टम पोर्टेबल होता है इसलिए घर बदलने पर इसे आसानी से साथ ले जाया जा सकता है. साथ ही इसकी इंस्टॉलेशन भी ज्यादा जटिल नहीं होती जिससे किराएदारों को बड़ी राहत मिल सकती है.
यूरोप में तेजी से बढ़ा इस्तेमाल
यूरोप के कई देशों में Balcony Solar सिस्टम काफी फेमश हो चुके हैं. खासकर जर्मनी में बड़ी संख्या में लोग इसे अपने घरों में इस्तेमाल कर रहे हैं. वहां लोग रिटेल स्टोर्स से सीधे सोलर किट खरीदकर घर पर खुद इंस्टॉल कर लेते हैं. बताया जाता है कि मौजूदा बिजली कीमतों के हिसाब से यह सिस्टम कुछ ही सालों में अपनी लागत निकाल देता है. इसके बाद बिजली बिल में अच्छी बचत होने लगती है.
अमेरिका में भी बढ़ रही मांग
अमेरिका में अब इस तकनीक को लेकर नियमों में बदलाव शुरू हो गए हैं. पहले छोटे प्लग-इन सोलर सिस्टम को भी बड़े रूफटॉप सिस्टम की तरह ही माना जाता था जिसके कारण परमिशन और प्रोफेशनल इंस्टॉलेशन जरूरी हो जाता था. लेकिन अब कई राज्यों में छोटे Balcony Solar सिस्टम के लिए नियम आसान किए जा रहे हैं. इससे आने वाले समय में इनका इस्तेमाल तेजी से बढ़ सकता है.
कितनी हो सकती है बचत?
Balcony Solar पूरे घर को बिजली नहीं दे सकता, लेकिन यह कई जरूरी उपकरण आराम से चला सकता है. जैसे फ्रिज, LED लाइट, मोबाइल चार्जर, लैपटॉप, टीवी और पंखे जैसी चीजों के लिए यह काफी मददगार साबित हो सकता है. अगर इसमें बैटरी स्टोरेज जोड़ दी जाए तो दिन में बनी बिजली को रात में भी इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि इससे शुरुआती खर्च थोड़ा बढ़ सकता है.
भविष्य में बढ़ सकती है लोकप्रियता
तेज धूप वाले इलाकों और महंगी बिजली वाले शहरों में Balcony Solar आने वाले समय में एक बड़ा विकल्प बन सकता है. कम जगह में बिजली बनाने का यह तरीका उन लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है जो कम खर्च में बिजली बिल घटाना चाहते हैं.
यह भी पढ़ें:
फोन हो रहा है गर्म और स्लो? कहीं ये बड़ी खराबी का संकेत तो नहीं, यहां जानिए असली वजह





