जीरो सिविक सेंस… मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट को लोगों ने बना दिया डस्टबिन, वीडियो वायरल

जीरो सिविक सेंस… मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट को लोगों ने बना दिया डस्टबिन, वीडियो वायरल


Himachal Tourism: पहाड़ों की ठंडी हवा, साफ-सुथरा माहौल और सुकून भरा नजारा यही वजह है कि हर साल लाखों लोग हिमाचल जैसे पर्यटन स्थलों की ओर खिंचे चले आते हैं. लेकिन हाल ही में सामने आए एक वायरल वीडियो ने इस खूबसूरत तस्वीर पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @iNikhilsaini के नाम से पोस्ट किए गए इस वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे एक पर्यटन स्थल पर लगाया गया मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट कुछ ही दिनों में कूड़ेदान में बदल गया.  

वीडियो में दिखा सुविधा बनी लापरवाही 

वीडियो के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के एक टूरिस्ट स्पॉट पर हिमाचल सरकार ने पर्यटकों की सुविधा के लिए मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट लगवाया था, ताकि लोग आसानी से अपने फोन चार्ज कर सकें. लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस सुविधा के शुरू होने के महज दो दिन के भीतर ही लोगों ने उसे गंदगी से भर दिया. वहां चार्जिंग बोर्ड के आसपास चिप्स के खाली पैकेट, खाने-पीने का कचरा और इस्तेमाल किया हुआ सामान बिखरा पड़ा नजर आता है. 

यह वीडियो एक भारतीय पर्यटक द्वारा ही बनाया गया है, जो वहां घूमने गया था. उसने कैमरे के जरिए दिखाया कि जिस जगह को सुविधा के तौर पर विकसित किया गया था, वहां लोगों ने किस तरह अपनी लापरवाही और गैर जिम्मेदारी का प्रदर्शन किया है. पोस्ट के साथ किए गए कमेंट में भी यही सवाल उठाया गया है कि आखिर कब तक हम सार्वजनिक संपत्ति को अपनी निजी जगह समझकर नुकसान पहुंचाते रहेंगे?

यह भी पढ़ेंः छुट्टे नहीं थे तो दूल्हे ने ब्लिंकिट वाले को ऐसे किया पेमेंट, वायरल वीडियो देख आपकी भी छूट जाएगी हंसी

‘जीरो सिविक सेंस’ पर छिड़ी बहस

इस घटना ने “जीरो सिविक सेंस” यानी नागरिक जिम्मेदारी की कमी पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है.  एक तरफ सरकार और प्रशासन पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों का व्यवहार इन कोशिशों पर पानी फेर देता है. और हैरान करने वाली बात तो यह है कि वे लोग कोई ओर नहीं बल्कि भारतीय ही होते हैं. यह सिर्फ गंदगी फैलाने का मामला नहीं है, बल्कि हमारी सोच और आदतों का आईना भी है.

सोशल मीडिया पर गुस्सा और सख्त कार्रवाई की मांग

यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इस पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि जब तक लोगों की मानसिकता नहीं बदलेगी, तब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी.  वहीं कुछ लोगों ने सख्त जुर्माना और निगरानी बढ़ाने की मांग भी की है. 

स्वच्छता सिर्फ सरकार नहीं, सबकी जिम्मेदारी

अगर हम “स्वच्छ भारत अभियान” की बात करें, तो यह सिर्फ सरकार का प्रोजेक्ट नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है. साफ सफाई बनाए रखना, कचरा सही जगह पर डालना और सार्वजनिक संपत्ति का सम्मान करना ये छोटी-छोटी बातें ही बड़े बदलाव लाती हैं. लेकिन इस वीडियो ने दिखा दिया कि अभी भी हमें इस दिशा में लंबा सफर तय करना है.

यह भी पढ़ेंः ड्रीम वाइफ… बाइक चला रहे पति को सिगरेट पिला रही थी पत्नी, वीडियो वायरल