वायरल होने के चक्कर में हैवानियत! चलती ट्रेन में सीट फाड़ते दिखे युवक, यूजर्स का खौला खून

वायरल होने के चक्कर में हैवानियत! चलती ट्रेन में सीट फाड़ते दिखे युवक, यूजर्स का खौला खून


सोशल मीडिया की दुनिया में फेमस होने की होड़ अब खतरनाक मोड़ लेती जा रही है. लाइक्स और व्यूज के लिए लोग ऐसी हरकतें करने लगे हैं जो ना सिर्फ कानून तोड़ती हैं बल्कि दूसरों की जान को भी खतरे में डाल देती हैं. ताजा मामला एक चलती ट्रेन का है, जहां कुछ युवक खुलेआम रेलवे कोच में तोड़फोड़ करते नजर आए. हैरानी की बात ये है कि ये सब कैमरे के सामने सिर्फ वायरल होने के लिए किया जा रहा था. वीडियो सामने आते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है और अब आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है.

क्या है पूरा मामला

दरअसल, वायरल वीडियो में कुछ युवक भारतीय रेलवे के जनरल कोच में सफर करते हुए नजर आते हैं. इसी दौरान उनमें से एक शख्स सीट को जोर-जोर से फाड़ने लगता है, जबकि दूसरा उसका वीडियो बनाता है. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि इस शख्स की पहचान अंकित टोप्पो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि ये हरकत सिर्फ इंटरनेट पर वायरल होने के लिए की गई थी, जिससे मामला और भी गंभीर हो जाता है.

वीडियो में ट्रेन के सीट कवर फाड़ते दिखे युवक

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गुलाबी शर्ट और जींस पहने युवक सीट की नीली कवरिंग को पूरी ताकत से उखाड़ता है और कैमरे के सामने हंसते हुए पोज देता है. इतना ही नहीं, दो अन्य युवक भी कोच के अंदर फिटिंग्स पर चढ़कर लापरवाही से इधर-उधर कूदते नजर आते हैं. चलती ट्रेन में इस तरह की हरकतें ना सिर्फ रेलवे को नुकसान पहुंचाती हैं बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन जाती हैं.

कानूनी कार्रवाई और नुकसान

भारतीय रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना गंभीर अपराध है. ऐसे मामलों में रेलवे एक्ट और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत जुर्माना और जेल दोनों हो सकते हैं. सार्वजनिक संपत्ति पर इस तरह का हमला आखिरकार आम जनता की जेब पर ही बोझ डालता है, क्योंकि इसकी मरम्मत का खर्च टैक्सपेयर्स के पैसे से ही होता है.

यह भी पढ़ें: सांप को पकड़ने आया शख्स करने लगा खिलवाड़, नागराज की एक फुंकार ने ले ली जान; मौत का लाइव वीडियो

सोशल मीडिया पर गुस्सा

वीडियो वायरल होते ही यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा है. लोग इन युवकों को गैर-जिम्मेदार बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि ये लोग रेलवे की सीटें तोड़ते हुए मजा ले रहे हैं और वीडियो बना रहे हैं, ऐसे लोगों से सख्ती से निपटना चाहिए. वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि ये लोग कूल बनने के चक्कर में खुद को बेवकूफ साबित कर रहे हैं और देश की संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं. कई लोगों ने इसे देश के विकास के खिलाफ मानसिकता बताते हुए सख्त सजा की मांग की है.

यह भी पढ़ें: Viral Video: स्पीड ब्रेकर पर दीदी की हाई जंप… स्कूटी सवार लड़की हवा में उछली, फिर… देखें वायरल वीडियो