मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बाद तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को एक नई और सख्त ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है. दूतावास ने भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा नहीं करने की चेतावनी दी है और वहां मौजूद भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकलने का निर्देश दिया है.
भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी में कहा, ‘भारतीय नागरिक हवाई या जमीन किसी भी रास्ते ईरान की यात्रा नहीं करें. ईरान की यात्रा करना सुरक्षा के लिहाज से जोखिम भरा हो सकता है.’ क्षेत्रीय तनाव के कारण हवाई क्षेत्र (Airspace) पर पाबंदियां लगी हुई हैं. दूतावास के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन को लेकर कई चुनौतियां बनी हुई हैं. इसमें कहा गया, ‘जो भारतीय नागरिक वर्तमान में ईरान में हैं, वे तुरंत देश छोड़ दें. नागरिक दूतावास के संपर्क में बने रहें.’
⚠️ Advisory as on 23 April 2026. pic.twitter.com/WIPNNtFspd
— India in Iran (@India_in_Iran) April 23, 2026
भारतीय दूतावास ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी नागरिकों से अधिक सावधानी बरतने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है. इसके लिए दूतावास ने नंबर भी जारी किया है. मोबाइल नंबर +989128109115; +989128109109, +989128109102; +989932179359, ईमेल cons.tehran@mea.gov.in.
ट्रंप की धमकी के बाद बिगड़े हालात
भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की है जब होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ते सुरक्षा खतरे को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सख्त आदेश जारी किया है. ट्रंप ने अमेरिकी नौसेना को संदिग्ध गतिविधियों में शामिल किसी भी नाव को तुरंत तबाह करने का आदेश दिया है. साथ ही उन्होंने माइन-स्वीपिंग अभियानों को और तेज करने को कहा है.
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया अकाउंट ‘ट्रुथ सोशल’ पोस्ट में कहा, ‘मैंने यूनाइटेड स्टेट्स नेवी को आदेश दिया है कि वह किसी भी नाव को, चाहे वह कितनी भी छोटी क्यों न हो, जो होर्मुज स्ट्रेट के पानी में बारूदी सुरंगें बिछा रही हो, उसे गोली मारकर नष्ट कर दे. इसमें जरा भी हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए.’ उन्होंने कहा कि हमारे बारूदी सुरंग हटाने वाले जहाज (माइन स्वीपर्स) इस समय होर्मुज को साफ कर रहे हैं.
होर्मुज पर यूएस का नियंत्रण: ट्रंप
उन्होंने ईरान में नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान का जिक्र करते हुए क्षेत्रीय हालात और समुद्री मार्ग पर अमेरिकी नियंत्रण का भी दावा किया है. ट्रंप ने कहा, ‘ईरान को यह समझने में बहुत मुश्किल हो रही है कि उसका असली नेता कौन है. उन्हें खुद भी साफ नहीं पता. वहां ‘हार्डलाइनर’ (कड़े रुख वाले) और ‘मॉडरेट’ (नरम रुख वाले) गुटों के बीच भारी अंदरूनी खींचतान चल रही है. हार्डलाइनर युद्ध के मैदान में बुरी तरह से हार रहे हैं, जबकि मॉडरेट (जो वैसे बहुत नरम भी नहीं हैं) अब ज्यादा सम्मान पा रहे हैं.’
ये भी पढ़ें : US Iran War: होर्मुज में माइंस बिछाने वाली सभी बोट्स को देखते ही तबाह करें – ट्रंप का आदेश, क्या जंग फिर भड़केगी ?



.jpg)

