Sock Odor Removal: अक्सर आपने भी महसूस किया होगा कि जूते उतारते ही पैरों और मोजों से आने वाली तेज बदबू आपके लिए परेशानी बन जाती होगी. यह न सिर्फ खुद को असहज महसूस कराती है, बल्कि आसपास बैठे लोग को भी परेशान कर देती है. गर्मियों में यह समस्या और बढ़ जाती है, क्योंकि ज्यादा पसीना और नमी बैक्टीरिया को पनपने का मौका देती है, जो बदबू का कारण बनते हैं. दरअसल पैरों में शरीर के अन्य हिस्सों के तुलना में ज्यादा पसीने की ग्रंथियां होती है. जब पूरे दिन पैर जूते और और मोजों के अंदर बंद रहते हैं, तो हवा नहीं लग पाती है और पसीना सूख नहीं पाता. यही नमी बैक्टीरिया के अनुकूल माहौल बनाती है जो पसीने को तोड़कर बदबू पैदा करते हैं. ऐसे में अगर मोजे सही तरीके के न हो या उन्हें समय पर न बदला जाए तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है. तो चलिए आज हम आपको बताते हैं कि अगर आपको भी मोजे की बदबू से शर्मिंदा होना पड़ता है तो किस आसन ट्रिक से आपको इस शर्मिंदगी से पूरी तरह निजात मिल जाएगी?
मोजे की बदबू से बचने के आसान उपाय
इस समस्या से राहत पाने के लिए कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाए जा सकते हैं. सबसे पहले पैरों की सफाई का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. रोजाना पैरों को साबुन से धोकर अच्छी तरह सुखाएं, ताकि नमी न रहे. वहीं अगर पैरों में ज्यादा पसीना आता है, तो मोजे पहनने से पहले टैल्कम पाउडर या एंटी फंगल पाउडर का इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे पसीना कम होगा और बदबू भी नहीं आएगी. कई लोग मोजे पर हल्का परफ्यूम छिड़क कर भी बदबू को कंट्रोल करते हैं.
सही मोजे और जूते का चयन भी जरूरी
गर्मियों में हल्के और सांस लेने वाली फैब्रिक के मोजे पहनना ज्यादा फायदेमंद रहता है. कॉटन या बांस फाइबर वाले मोजे पसीने को सोखते हैं और पैरों को सुखा रखते हैं. वहीं नायलॉन या सिंथेटिक मोजे बदबू को बढ़ा सकते हैं, क्योंकि इनमें हवा का प्रवाह कम होता है. इसके अलावा जूते भी ऐसे पहनने चाहिए, जो हवादार हो और ज्यादा टाइट न हो. तंग जूतों में पसीना ज्यादा आता है और बदबू जल्दी बनने लगती है. जूते को रोजाना पहनने के बजाए बीच-बीच में बदलकर भी पहनना चाहिए, ताकि उनमें जमा नमी को सूखने के लिए समय मिल सके.
ये भी पढ़ें-Washing Machine Stain Problem: क्या आपकी वॉशिंग मशीन भी लगा रही कपड़ों पर दाग, जानें क्यों होता है ऐसा?
जूते की सफाई भी जरूरी
जूते और उनके इनसोल को समय-समय पर साफ करना जरूरी है. जूते को धोने के बाद धूप या खुली हवा में अच्छी तरह सुखाना चाहिए. नमी खत्म होने से बैक्टीरिया पनप नहीं पाते और बदबू कम हो जाती है. एक आसान घरेलू ट्रिक के तौर पर रात में जूते के अंदर टी बैग रखकर छोड़ दिया जाए, तो सुबह तक बदबू काफी हद तक कम हो जाती है. इसके अलावा बेकिंग सोडा, नमक या अखबार जूतों की नमी सोखने में मदद करते हैं.
एसेंशियल ऑयल और डियोड्रेंट का इस्तेमाल
मोजों या जूते में लैवेंडर या टी ट्री ऑयल की कुछ बूंदें डालने से भी बदबू कम की जा सकती है. इनमें एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद करते हैं. वहीं पैरों पर डियोड्रेंट या फुट स्प्रे का इस्तेमाल भी कारगर साबित होता है.
ये भी पढ़ें-Toxic Family Members: ‘टॉक्सिक’ रिश्तेदारों से कैसे बनाएं दूरी? गौरांग दास ने बताए 3 अचूक तरीके





