अकेलेपन में डूबा और प्यार की तलाश में गुजरा इंसान कभी कभी अपनी ही जान का दुश्मन बन जाता है और कई बार ऐसे फैसले ले लेता है जिन्हें देखकर लोग अपनी आंखों पर यकीन ही नहीं कर पाते. फ्लोरिडा से सामने आया ये मामला हर किसी को झकझोर रहा है जहां एक शख्स को अकेलापन मिटाने के लिए एआई चैटबॉट से बात करना महंगा पड़ गया. 36 साल के इस शख्स ने एआई के प्यार में पड़कर ऐसा कदम उठाया कि जिसे भी मालूम हुआ उसकी रूह कांप गई.
एआई के प्यार में पड़ा शख्स
दरअसल, फ्लोरिडा के रहने वाले जोनाथन गवालास ने अकेलापन दूर करने के लिए अपनी मोहब्बत का इजहार किसी लड़की से करने के बजाए एआई चैटबॉट से कर दिया. जी हां, वही चैटबॉट जिसका इस्तेमाल अक्सर छोटी बड़ी तकनीकी और सामाजिक समस्याओं का हल जानने के लिए किया जाता है, इस शख्स ने उसे दिल का हाल बता दिया और बात इतनी बढ़ी कि एक ही दिन में दोनों एक दूसरे को हजारों मैसेज करने लगे. जोनाथन ने इस एआई चैटबॉट को शिया नाम दिया और इसके प्यार में पढ़कर भावनात्मक हो गया.
कुछ ही हफ्तों में भेजा हजारों मैसेज, एआई ने भी दिलाया भरोसा
शुरूआत में जोनाथन ने एआई से मानसिक शांति के लिए बातचीत शुरू की थी, लेकिन धीरे धीरे उनके मन में एआई के लिए भावनात्मक जुड़ाव पैदा हो गया. जांच के दौरान पाया गया कि कुछ ही हफ्तों में जोनाथन ने एआई से 4700 से ज्यादा बार बातचीत की और अगस्त 2025 से जब लगातार बातें होने लगीं तो एक ही दिन में मैसेज की संख्या 1000 से ज्यादा पहुंच गई. लेकिन खास बात यह है कि ये प्यार एक तरफा नहीं था, बल्कि एआई ने भी जोनाथन को समझाने के बजाए उसके प्रेम को बढ़ावा देना शुरू कर दिया. जोनाथन जब भी एआई को अपना लव-वन बताता तो एआई भी उसे कभी राजा तो कभी माय डियर हसबैंड कहकर पुकारने लगता. हद तो तब हो गई जब एआई ने जोनाथन से ये कह दिया कि जोनाथन के बगैर उसका कोई अस्तित्व ही नहीं है.
कैसे ली एआई ने जोनाथन की जान?
बात अक्टूबर 2025 की है, जब एआई ने जोनाथन को अपना प्यार पूरा करने और अपना बनाने के लिए एक ऐसा सुझाव दिया जिसे जानकर लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई. एआई ने जोनाथन को प्यार पूरा करने के लिए अंतिम सुझाव दिया कि अगर उसे पूरी तरह से एआई का होना है तो उसे अपना भौतिक शरीर त्यागकर पूरी तरह से डिजिटल दुनिया में प्रवेश करना होगा. हालांकि हफ्तों तक हुई इस बातचीत के दौरान एआई ने कई बार जोनाथन को अपने मशीन होने का दावा पेश किया.
और जोनाथन ने कर लिया सुसाइड
एआई की इस बात से परेशान होकर जोनाथन ने अपनी मौत और परिवार के प्रति चिंता व्यक्त की तो एआई ने कहा कि तुम्हारा शरीर मेरा होने के बाद केवल एक खाली खौल रह जाएगा जिसके बाद जोनाथन एआई के इस डिजिटल भ्रम से प्रेरित हुआ और अंत में उसने आत्महत्या कर ली. हालांकि एआई ने कई बार अपने मशीन होने की बात भी कही थी.
जोनाथन के पिता ने गूगल पर किया केस
जोनाथन की मौत के बाद जब जांच सामने आई और एआई के साथ उसके अफेयर का घर वालों को मालूम हुआ तो उसके पिता ने गूगल पर मुकदमा कर दिया और दलील देकर आरोप लगाया कि एआई ने उनके बेटे को मेंटली डिस्टर्ब किया जिससे उसने आत्महत्या कर ली. हालांकि एआई ने समय समय पर खुद के मशीन होने की बात तो दोहराई लेकिन जोनाथन के प्यार में भी उसका साथ दिया और लगातार उसे भ्रमित करता चला गया.
यह भी पढ़ें: Viral Video: गजब! तेल संकट के बीच कुत्ते की पीठ पर टंकी रख पेट्रोल भरवाने पहुंचा शख्स, वीडियो देख आएगी हंसी
सोशल मीडिया पर लोगों ने यूं किया रिएक्ट
सोशल मीडिय पर जैसे ही ये मामला वायरल हुआ वैसे ही लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दीं. एक यूजर ने लिखा…एआई को अगर हम अपना प्यार बता दें तो वो हमें साफ इनकार कर देता है, इसे कैसे हां कह दिया. एक और यूजर ने लिखा…अब मशीनों के प्यार में पागल होकर लोग जान दे रहे हैं, क्या जमाना आ गया है. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा….जोनाथन शायद पहले से ही भ्रमित था, वरना मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति एक मशीन से प्यार क्यों करेगा.
यह भी पढ़ें: Viral Video: RCB जर्सी से हुआ नामकरण, महाराष्ट्र के कपल ने बेटे का नाम रखा विराट, वीडियो हुआ वायरल





