गीतकार समीर अंजान ने आशा भोसले के निधन पर जताया शोक, बोले-‘ गाना मिलते ही उनको लगता था …’

गीतकार समीर अंजान ने आशा भोसले के निधन पर जताया शोक, बोले-‘ गाना मिलते ही उनको लगता था …’


दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन से पूरे संगीत जगत में शोक की लहर है. उनके जाने के बाद लगातार कलाकार और संगीत से जुड़े लोग उन्हें याद कर रहे हैं. इसी बीच मशहूर गीतकार समीर अंजान ने भी भावुक होकर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आशा जी के साथ अपने लंबे और खास रिश्ते को याद करते हुए गाने को लेकर उनकी मेहनत की तारीफ की और शोक जताया.

समीर के साथ था अच्छा रिश्ता 

समीर अंजन ने एएनआई से बातचीत करते हुए बताया, ‘आज बहुत दुखद खबर मिली, सदी की महान गायिका आशा भोसले जी हमारे बीच नहीं रही. आशा जी का जाना, आवाज की दुनिया की एक सदी का जाना जैसा है. हमारे उनके साथ बहुत गहरे रिश्ते थे और मेरे स्वर्गीय पिता अंजान से उनके रिश्ते बहुत अच्छे थे. मेरे लिए भी उन्होंने बहुत गाने गाए और मेरे पिताजी के अनगिनत गाने गाए. असल में आशा जी एक सिंगर नहीं, बल्कि एक इंस्टीट्यूशन की तरह थी. आज वो हमारे बीच नहीं है, मगर उनकी आवाज सदियों तक हमारे बीच रहेगी. ये म्यूजिक की दुनिया का बहुत बड़ा नुकसान है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती है.’

हर भाषा में आशा भोसले ने गाया गाना 

उन्होंने आगे बताया, ‘उन्होंने कवाली, डिस्को, पॉप और गजल सब तरह के गाने गाए है और ऐसी कोई भाषा नहीं होगी, जिसमें उन्होंने नहीं गाया हो. कुछ दिनों पहले वो एक कॉन्सर्ट करके आई थी. 92 की उम्र में किसी का चलना मुश्किल होता है, मगर उनका विल पावर और डेडीकेशन इतना गहरा था कि वो कभी जिंदगी और मौत के बारे में सोचती नहीं थी. जब उन्हें गाना मिलता था तो उन्हें लगता था कि वो फिर से जवान हो गई है.’

पिता के कई गानों को आशा भोसले ने दी आवाज 

बता दें कि समीर अंजान और आशा भोसले का रिश्ता कई साल पुराना रहा है. समीर के पिता अंजान भी अपने समय के मशहूर गीतकार थे और उनका भी आशा जी के साथ गहरा रिश्ता था. आशा भोसले ने उनके लिखे कई गानों को अपनी आवाज दी, जिससे उनकी पहचान और मजबूत हुई. उनके निधन के बाद हर कोई सदमे में है और उनकी मेहनत और गानों को दिल से याद कर रहा है.