आज के दौर में जहां बड़े शहरों में रहना दिन-ब-दिन महंगा होता जा रहा है, वहीं लोग अक्सर ये सवाल करते हैं कि क्या सीमित बजट में भी शहर की जिंदगी को जिया जा सकता है? खासकर जब बात बेंगलुरु जैसे महंगे शहर की हो, तो खर्चा कंट्रोल करना किसी चुनौती से कम नहीं लगता. लेकिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो ने इस सोच को थोड़ा बदलकर रख दिया है. Priyanka Mondal नाम की एक महिला ने खुद इस चुनौती को स्वीकार किया और सिर्फ 500 रुपये में पूरे दिन गुजारने की कोशिश की. हैरानी की बात ये रही कि न सिर्फ उन्होंने इस बजट में दिन पूरा किया, बल्कि अंत में पैसे भी बचा लिए. उनका ये एक्सपेरिमेंट अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
500 रुपये में पूरे दिन का खर्च, ऐसे किया मैनेज
वीडियो में प्रियांका बताती हैं कि उन्होंने अपने दिन की शुरुआत इडली खाकर की, जिससे उन्हें लगा कि दिन की शुरुआत अच्छी हो गई है. ट्रैवल के लिए उन्होंने कैब की जगह मेट्रो का सहारा लिया, जिससे काफी पैसे बच गए. बीच में उन्होंने चाय पीकर खुद को फ्रेश रखा. हालांकि, सबसे बड़ी चुनौती लंच के समय आई, जब महंगे मेन्यू देखकर वो खुद भी हैरान रह गईं. फिर भी उन्होंने किसी तरह 120 रुपये में अपना लंच मैनेज कर लिया.
शाम तक बजट संभालकर भी बचा लिए पैसे
दिन ढलने के साथ उन्होंने खर्च को कंट्रोल में रखा. शाम को उन्होंने वड़ा पाव और एक कप चाय ली. इसके बाद उनका बजट लगभग खत्म होने की कगार पर था, लेकिन उन्होंने सही प्लानिंग के साथ दिन पूरा किया. सबसे दिलचस्प बात ये रही कि दिन खत्म होने पर उनके पास ₹200 बच गए, जिसे उन्होंने छोटे से सेलिब्रेशन के साथ एन्जॉय भी किया.
यह भी पढ़ें: Viral Video: गजब! तेल संकट के बीच कुत्ते की पीठ पर टंकी रख पेट्रोल भरवाने पहुंचा शख्स, वीडियो देख आएगी हंसी
सोशल मीडिया यूजर्स बोले- मेट्रो है असली हीरो
वीडियो वायरल होते ही यूजर्स ने जमकर रिएक्शन दिए. एक यूजर ने लिखा “बेंगलुरु में 500 रुपये में दिन निकालना सच में कमाल है, यहां तो कॉफी ही महंगी मिलती है.” वहीं दूसरे ने कहा “अगर मेट्रो न होती, तो ये संभव ही नहीं था.” कई लोगों ने उनके इस एक्सपेरिमेंट की तारीफ की और कहा कि सही प्लानिंग से सीमित बजट में भी शहर की जिंदगी जी जा सकती है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: RCB जर्सी से हुआ नामकरण, महाराष्ट्र के कपल ने बेटे का नाम रखा विराट, वीडियो हुआ वायरल





