Watch: टेकऑफ करते ही दिखा धुआं… प्लेन के लैंडिंग गियर में लगी आग, अमेरिका में टला बड़ा हादसा

[ad_1]

अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट AA3023 में शनिवार (26 जुलाई, 2025) को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर टेकऑफ के दौरान विमान के लैंडिंग गियर में आग लग गई. बोइंग 737 मैक्स मॉडल के इस विमान में कुल 173 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

डेनवर फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, विमान मियामी के लिए उड़ान भरने वाला था जब रनवे 34L पर अचानक उसके टायर में तकनीकी गड़बड़ी आ गई, जिससे लैंडिंग गियर में आग लग गई. तुरंत इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया.

तेजी से निकाले गए यात्री

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि पांच यात्रियों की मेडिकल जांच की गई, लेकिन किसी को अस्पताल ले जाने की जरूरत नहीं पड़ी. हालांकि, एक व्यक्ति को मामूली चोट लगने के चलते एहतियातन इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

FAA ने शुरू की जांच

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने घटना की जांच शुरू कर दी है. अमेरिकन एयरलाइंस ने बयान जारी कर बताया कि विमान के टायर से जुड़ी मेंटेनेंस समस्या के कारण उसे फिलहाल सेवा से हटा दिया गया है और जांच जारी है.

वायरल हुआ घटना का वीडियो

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्लेन के टायर से आग और धुआं उठता दिख रहा है. वहीं, घबराए यात्री इमरजेंसी स्लाइड से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं.

 तेज रेस्पॉन्स से टला बड़ा हादसा

फायर डिपार्टमेंट और एयरपोर्ट स्टाफ की तेजी से कार्रवाई की वजह से बड़ा हादसा टल गया. हालांकि इस घटना ने एक बार फिर विमानन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

ये भी पढ़ें-

इजरायल को अपना एयर डिफेंस सिस्टम दे दो… ट्रंप की अपील के बाद भी सऊदी ने नेतन्याहू को नहीं दिया था THAAD, मिडिल ईस्ट से आई चौंकाने वाली रिपोर्ट



[ad_2]