पहलगाम हमले में मारे गए नेवी अफसर का रोमांटिक वीडियो हो रहा था वायरल, अब कपल ने बताई सच्चाई
[ad_1]
Pahalgam Navy Officer Video: सोशल मीडिया पर कब क्या वायरल हो जाए, यह किसी को नहीं पता होता. पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एक कपल जम्मू-कश्मीर की वादियों में रोमांटिक अंदाज में डांस करता दिख रहा है. दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो आतंकी हमले में मारे गए नौसेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का है, जिसमें वह हमले से एक दिन पहले वह अपनी पत्नी के साथ काफी खुश नजर आ रहे थे, लेकिन आतंकियों ने उन्हें गोली मार दी.
हालांकि, एक अन्य कपल ने इस वायरल वीडियो की सच्चाई बताई है. एक कपल ने सामने आकर कहा है वायरल हो रहा वीडियो इंडियन नेवी के अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय और उनकी पत्नी हिमांशी का नहीं है. उन्होंने कहा, किसी ने उन दोनों के वीडियो को लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का बताकर वायरल कर दिया, जिसके बाद उन्हें कई फोन आ रहे हैं जिससे वह काफी परेशान हैं. कपल ने अपना नाम यशिका शर्मा और आशीष सहरावत बताया है. यशिका शर्मा सोशल मीडिया इंफ्यलुएंसर हैं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो जारी कर कहा है कि हमले के समय वह जम्मू-कश्मीर में नहीं थे, पता नहीं उनका यह वीडियो कैसे वायरल हो गया.
शहीद समझकर श्रद्धांजलि दे रहे लोग
बता दें, कपल जिस वीडियो की बात कर रहे हैं वह कश्मीर की पहाड़ियों पर बनाया गया है. इसमें एक नवविवाहित जोड़ा रोमांटिक अंदाज में डांस करते हुए नजर आ रहा है. दावा किया गया है कि वीडियो लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का है, जिसके बाद लोग सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और वीडियो को पोस्ट कर उनके लिए कई बातें भी लिख रहे हैं. यशिका ने वीडियो बनाते हुए कहा कि पता नहीं भारतीय मीडिया कैसे काम करती है और यह वीडियो कैसे वायरल हो गया. हमारा परिवार, हमारे दोस्त हमें लगातार फोन कर रहे हैं, जिससे हम परेशान हो गए हैं. उन्होंने कहा, हम जिंदा हैं और ठीक हैं.
सोशल मीडिया पर कल से एक Video वायरल है, जिसमें डांस करते कपल को नेवी अफसर विनय नरवाल और उनकी पत्नी हिमांशी बताया जा रहा है।
यशिका शर्मा और आशीष सहरावत ने ये Video अपनी बताई है। इन्होंने क्या कहा, सुनिए… pic.twitter.com/JZSo7vlZSo
— Ankit Gautam (@Ankitup11) April 24, 2025
हमले के बाद वायरल हुई थी तस्वीर
बता दें, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी. इस हमले में मारे में जाने वालों में भारतीय नौसेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल भी शामिल हैं. 19 अप्रैल को ही उनकी शादी हुई थी, जिसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ हनीमून मनाने जम्मू-कश्मीर गए हुए थे. आतंकी हमले के बाद उनकी पत्नी का उनके शव के साथ बैठे हुए तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी.
यह भी पढ़ें: पहलगाम हमले के ये पांच वीडियो हो रहे वायरल, देखकर गुस्से के साथ निकल रहे आंसू

