कनाडा में हुआ चुनाव की तारीखों का ऐलान, PM कार्नी बोले- ट्रंप को सबक सिखाने के लिए दें वोट
[ad_1]
Canada News: कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने रविवार को गवर्नर-जनरल मैरी साइमन से मुलाकात कर संसद भंग करने का अनुरोध किया और चुनाव की तारीख की घोषणा कर दी. कनाडा में आगामी चुनाव 28 अप्रैल को होगा. इस चुनाव में लिबरल पार्टी के नेता मार्क कार्नी का मुकाबला कंजर्वेटिव पार्टी के प्रमुख पियरे पोइलिवरे से होगा.
जस्टिन ट्रूडो के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री बने कार्नी ने चुनाव की घोषणा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ जारी व्यापार युद्ध का जिक्र करते हुए जनता से समर्थन मांगा. उन्होंने ट्रंप के प्रति सख्त रुख अपनाया है.
मार्क कार्नी ने मांगा जनता का समर्थन
मार्क कार्नी ने कहा कि वह राष्ट्रपति ट्रंप से प्रभावी तरीके से निपटने और कनाडा की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जनता का समर्थन चाहते हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि ट्रंप की व्यापारिक नीतियों और कनाडा की संप्रभुता को संभावित खतरे से बचाने के लिए एक मजबूत सरकार की जरूरत है. कार्नी ने अपने प्रतिद्वंद्वी कंजर्वेटिव नेता पियरे पोइलिवरे पर ट्रंप जैसी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए उन पर निशाना साधा.
इसी महीने मार्क कार्नी ने कनाडा के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. बैंक ऑफ कनाडा और बैंक ऑफ इंग्लैंड के पूर्व गवर्नर रहे कार्नी ने अपनी वित्तीय विशेषज्ञता को प्रमुखता देते हुए कनाडाई अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का संकल्प लिया है.
‘हम एक कठिन दौर से गुजर रहे हैं’
कार्नी ने कहा, ‘हम एक कठिन दौर से गुजर रहे हैं और गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं क्योंकि ट्रंप की अनुचित व्यापारिक नीतियां हमारी संप्रभुता के लिए खतरा बन रही हैं. हमारी प्रतिक्रिया एक मजबूत अर्थव्यवस्था और सुरक्षित कनाडा का निर्माण करना होनी चाहिए.’
उन्होंने कनाडाई जनता से अपील करते हुए कहा, ‘मैं ट्रंप से मजबूती से निपटने और एक समृद्ध कनाडाई अर्थव्यवस्था बनाने के लिए जनादेश मांग रहा हूं. अमेरिकी राष्ट्रपति यह दावा कर रहे हैं कि कनाडा उनका हिस्सा है. वह हमें कमजोर करना चाहते हैं, लेकिन हम ऐसा कभी नहीं होने देंगे.’
[ad_2]

