हत्या की कोशिश: लिव-इन पार्टनर ने महिला को कार से तीन बार कुचला
सिरोली की ओरेंज वुड रेसीडेंसी में लिव इन में रहने वाली महिला को उसके लिव इन पार्टनर ने कार से कुचलकर मारने का प्रयास किया। आरोपित ने महिला के पिता व बेटे को भी टक्कर मारा। आरोपित तीन दिन से महिला से मारपीट कर रहा था। महिला जब थाने में शिकायत करके लौट रही थी तब आरोपित ने किया हत्या का प्रयास।
By amit mishra
Publish Date: Mon, 18 Nov 2024 08:14:38 AM (IST)
Up to date Date: Mon, 18 Nov 2024 08:14:38 AM (IST)
HighLights
- शहर के सिरोल क्षेत्र में ओरेंज वुड्स रेसीडेंसी के बाहर हुई घटना
- बेटे और मां को भी टक्कर मारकर किया जान से मारने का प्रयास
- महिला के साथ तीन दिन से मारपीट कर रहा था आरोपित
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के सिरोल क्षेत्र में रहने वाली नंदिनी केवट (32) की उसके लिव इन पार्टनर अरविंद परिहार ने हत्या करने की कोशिश की। नंदिनी को ओरेंज वुड्स रेसीडेंसी के बाहर सड़क पर कार से तीन बार कुचला। पहली बार जब टक्कर मारी तो नंदिनी का बेटा मयंक उर्फ महक और मां सुखदेवी भी साथ थे। यह दोनों उछलकर दूर गिरे। फिर अरविंद कार दो बार मोड़कर लाया और दोनों बार नंदिनी को कुचला। नंदिनी के पूरे शरीर में गंभीर चोट हैं। वह अस्पताल में जिंदगी-मौत से लड़ रही है। टक्कर लगने से उसका बेटा मयंक और मां सुखदेवी भी घायल हैं।
नंदिनी को अरविंद पिछले तीन दिन से बेरहमी से पीट रहा था। परेशान होकर उसने अपने माता-पिता को बुलाया था, फिर रात में सिरोल थाने लिव इन पार्टनर अरविंद की शिकायत करने गई थी। नंदिनी शिकायत कर लौट रही थी, तभी अरविंद उसकी हत्या करने पर उतारू हो गया। सिरोल थाना पुलिस ने इस मामले में अरविंद के खिलाफ हत्या के प्रयास की एफआइआर दर्ज की है। आरोपित अब तक फरार है।

पूरी कहानी.. पीड़िता की जुबानी
- मेरी शादी करीब 10 साल पहले इंदरगढ़ में रहने वाले गोटीराम केवट से हुई थी। शादी के दो साल बाद बेटे मयंक का जन्म हुआ। शादी के बाद विवाद होता था, इसलिए हम अलग हो गए। मैं झांसी के टहरौली की रहने वाली हूं। पति से अलग हो गई तो ग्वालियर आ गई थी। बेटा मेरे साथ ही रहता था। अपना परिवार पालने के लिए मैं ब्यूटी पार्लर पर काम करने लगी थी। तभी मेरी मुलाकात अरविंद परिहार से हुई। उसने मुझसे नजदीकी बढ़ाई और बोला कि पत्नी की तरह साथ रखूंगा। मैं उसकी बातों में आ गई। मैं उसके साथ वुड्स रेसीडेंसी के फ्लैट नंबर-306 में रहती हूं।
- पिछले तीन दिन से वह बहुत परेशान कर रहा था। वह मुझे पीट रहा था। परेशान होकर पिता बृजमोहन को ग्वालियर बुलाया। माता-पिता दोनों शनिवार को आ गए थे। मैं रात को अरविंद की शिकायत करने के लिए सिरोल थाने गई। सिरोल थाने से लौटकर मैं, मेरा बेटा और माता-पिता आ रहे थे। वुड्स रेसीडेंसी के पास पिता ने कहा कि वह आटो लेकर आ रहे हैं। मैं, बेटा और मेरी मां सड़क किनारे खड़े थे।
- तभी अरविंद अपनी कार एमपी 07 जेड ए 6857 से आया। उसने सीधे टक्कर मारी। बेटा और मां उछलकर गिरे। मुझे कुचलकर भागा, मैं सड़क से उठ नहीं पा रही थी। कार मोड़कर दो बार लाया और मुझे टक्कर मारकर निकला। चौथी बार फिर गाड़ी वापस लाया तो यहां से अंकित शर्मा गुजरे। इन्होंने अपनी कार सामने अड़ा दी तो इनकी गाड़ी में टक्कर लगी। फिर वह भाग गया। मुझे अंकित ने अस्पताल पहुंचाया। अरविंद मेरी जान लेना चाहता था।
जैसा नंदिनी केवट ने नईदुनिया को बताया
अरविंद भी पहले से शादीशुदा, एक अन्य महिला से भी संबंध

अरविंद परिहार के बारे में बताया गया है कि वह पहले से शादीशुदा है। अरविंद की पत्नी शहर से बाहर रहती है। एक और महिला से उसके संबंध हैं, जो गोला का मंदिर इलाके में रहती है। पिछले साल से नंदिनी के साथ रह रहा था।
महिला के लिव इन पार्टनर ने ही कार से कुचलकर हत्या की कोशिश की है। महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपित पर एफआइआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
आलोक भदौरिया, थाना प्रभारी, सिरोल

