भोपाल में दुकानदारों से अवैध वसूली कर रहा था नकली पुलिसवाला, गिरफ्तार
आरोपित दूसरों पर रौब झाड़ने के लिए किसी पुलिस चौकी या पुलिस की गाड़ियों के साथ वर्दी में सेल्फी लिया करता था। पुलिस ने उसे कोर्ट चौराहे से उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह एक दुकानदार से अवैध वसूली करने पहुंचा था।
By prashant vyas
Publish Date: Tue, 19 Nov 2024 09:01:02 AM (IST)
Up to date Date: Tue, 19 Nov 2024 09:01:02 AM (IST)
HighLights
- अशोका गार्डन इलाके में रहता है आरोपित।
- वर्दी का रौब दिखाकर करता था अवैध वसूली।
- उसने बाइक पर भी पुलिस लिखवा लिया था।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल Bhopal Crime Information: नकली पुलिस बनकर दुकानदारों और वाहन चालकों से वसूली करने वाले एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित भोपाल कोर्ट के आसपास वसूली कर रहा था, जिसके बाद स्थानीय दुकानदारों द्वारा इसकी शिकायत एमपी नगर थाने में की गई थी। पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
दतिया का रहने वाला है आरोपित
एमपी थाना प्रभारी जयहिंद शर्मा ने बताया कि अशोका गार्डन निवासी आनंद सेन मूलत: दतिया का रहने वाला है। वह बीते कई महीनों से राजधानी में नकली पुलिस बनकर वसूली कर रहा था। उसके निशाने पर शहर के दुकानदार और वाहन चालक होते थे, जिन्हें पुलिस का रौब दिखाकर उनसे रुपये ऐंठता था। सोमवार को सूचना मिली कि एक संदिग्ध पुलिसकर्मी कोर्ट चौराहे पर दुकानदार को वर्दी का रौब दिखाते हुए अवैध वसूली कर रहा है। तत्काल टीम को मौके पर रवाना किया और आरोपित को हिरासत में लिया।
गुमराह करने का प्रयास
पकड़े जाने पर पहले तो आरोपित ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और पुलिसिया रसूख झाड़ने लगा। लेकिन जब उससे वर्तमान तैनाती और विभाग से जुड़े सवाल किए गए तो वह सकपका गया और उसने स्वीकार किया कि वह नकली पुलिसकर्मी है। पैसा कमाने की लालच में वर्दी पहनकर लोगों से अवैध वसूली करता है। आरोपित आनंद सेन के बैंक खातों की जांच की जा रही है। उसके पास से कई तरह की वर्दियां मिली हैं।
वर्दी में लेता था सेल्फी
आरोपित दूसरों पर रौब झाड़ने के लिए छिपकर किसी पुलिस चौकी या पुलिस की गाड़ियों के साथ वर्दी में सेल्फी लिया करता था। इतना ही नहीं, इन फोटोज अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट में अपलोड भी कर दिया करता था। आरोपित के कब्जे से मोबाइल के अलावा एक बाइक भी बरामद की गई है, जिस पर ‘पुलिस’ लिखा है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने अब तक कहां-कहां और कितने लोगों को ठगा है।

